इंद्रपुरी के रहवासी इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे संदिग्ध कारोबार का भंडाफोड़ करने के लिए पुलिस ने पहले ग्राहक का चोला ओढ़ा। एक पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर पिंक वाइव्स स्पा सेंटर में पहुंचा। बातचीत आगे बढ़ी तो प्रवेश के नाम पर 500 रुपये और स्पा सेंटर में देह व्यापार के लिए तीन हजार रुपये लिए जाने की बात सामने आई। पुलिसकर्मी ने अंदर की स्थिति की पुष्टि करने के बाद बाहर टीम को इशारा किया। इसके साथ ही स्पा सेंटर को चारों तरफ से घेर लिया गया। अचानक पुलिस को देखकर अंदर अफरा-तफरी मच गई। नौ कमरों वाले सेंटर से दस महिलाएं समेत कई लोग पकड़े गए। इनमें तीन कॉलेज छात्राएं भी शामिल हैं। एक महिला हरियाणा की बताई गई है।
स्पा सेंटर में मिली संदिग्ध गतिविधियां
पुलिस के अनुसार देवी सिंह रजक ग्राहकों को बुलाने और व्यवस्था कराने का काम करता था। सेंटर संचालन में भुवन सिंह चंदेल, पंकज त्रिपाठी और दीपक ठाकुर की भूमिका सामने आई है। कमीशन में भुवन को 20, पंकज को 15, दीपक को 10 और देवी सिंह को पांच प्रतिशत हिस्सा मिलने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस ने 7700 रुपये नकद, मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की है। गोविंदपुरा थाने के निरीक्षक अवधेश सिंह तोमर की रिपोर्ट पर अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शुरू की आगे की जांच
कार्रवाई के बाद आरोपियों की पैरवी के लिए एक उप निरीक्षक के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार महिलाओं के पक्ष में भी एक व्यक्ति थाने पहुंचा था। पुलिस अब इनके संपर्क और भूमिका की जांच कर रही है।


