UP ELECTION 2027: BJP की हैट्रिक या अखिलेश-मायावती का दांव?

  • September 2, 2026
  • 0
  • 2 Views
UP Election 2027 में BJP अखिलेश यादव मायावती और कांग्रेस की चुनावी रणनीति

UP Election 2027 में किसकी होगी सत्ता?

क्या उत्तर प्रदेश में बीजेपी सत्ता की हैट्रिक लगाने वाली है ? अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी 10 साल बाद सत्ता में वापसी करेगी? क्या मायावती अपनी BSP को फिर से राजनीतिक ताकत बना पाएंगी? या कांग्रेस, SP के साथ मिलकर यूपी में अपना खोया जनाधार वापस हासिल करने की कोशिश में कामयाब होगी? उत्तर प्रदेश…देश की सियासत का वो मैदान, जहां 2027 में सिर्फ सरकार नहीं बदलेगी, बल्कि आने वाले कई सालों की राष्ट्रीय राजनीति की दिशा भी तय होगी। क्योंकि यूपी में मुकाबला सिर्फ चार पार्टियों का नहीं है…यह मुकाबला है जातीय समीकरण, गठबंधन, महिला वोट, OBC-Dalit वोट और जमीन पर संगठन की ताकत का।

दरअसल उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात अभी से बिछ चुकी है. चुनावी समर में उतरने के लिए राजनीतिक दलों ने अपने-अपने तरकश के तीर तराशने शुरू कर दिए हैं. सभी पार्टियां अपने मुद्दों और रणनीतियों के बल पर जनता के बीच पैठ बनाने में जुटी है. उत्तर प्रदेश की सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी की उम्मीद लगाए बैठी भारतीय जनता पार्टी संगठन और सरकार, दोनों ही मोर्चो पर आक्रामक दिख रही है। वहीं BSP अपनी खोई जमीन वापस पाने की कोशिश में जुटी है। इधर कांग्रेस भी संगठन मजबूत करने के बाद अब सीधे जनता के मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोलने की तैयारी में है. यानी यूपी में चुनावी माहौल बनने लगा है और हर पार्टी अपने-अपने तरीके से वोटरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें- UP Election 2027: Gen Z पर योगी का बड़ा दांव, अखिलेश ने किया बड़ा ऐलान

BJP का फोकस संगठन और पुराने सामाजिक समीकरण पर

दरसल BJP के सामने सबसे बड़ी चुनौती है—2024 लोकसभा चुनाव में लगे झटके के बाद अपने पुराने सामाजिक समीकरण को फिर मजबूत करना। पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक एक्टिव करने के लिए ट्रेनिंग अभियान तेज किया है। OBC और दलित वोटरों के बीच पहुंच बढ़ाने की कोशिश हो रही है। यानी BJP का फोकस साफ है—हिंदुत्व के साथ सामाजिक गठजोड़ को भी मजबूत करना।

और BJP के पास एक और बड़ा फैक्टर है—योगी आदित्यनाथ की सरकार का रिपोर्ट कार्ड। कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, धार्मिक पर्यटन और कल्याणकारी योजनाएं…BJP इन्हीं मुद्दों के सहारे सत्ता विरोधी लहर को रोकने की कोशिश करेगी। इसके साथ ही बीजेपी एक बार फिर अपने पुराने फॉर्मूले ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ पर भरोसा कर रही है. बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करके लोगों से सीधा संवाद बढ़ाया जा रहा है. पार्टी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन भी पूरा कर चुकी है. अब दूसरे राज्यों के कार्यकर्ताओं के जरिए बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल समितियों का फिजिकल वेरिफिकेशन कराया जाएगा. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का दावा है कि विपक्ष जहां अभी तैयारी शुरू कर रहा है, वहीं बीजेपी की चुनावी तैयारी अंतिम दौर में पहुंच चुकी है।

यह भी पढ़ें- UP Election 2027: Mission 2027 पर मायावती का बड़ा ऐलान

पंकज चौधरी को बीजेपी की जीत का भरोसा

बीजेपी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पार्टी की जीत का पूरा भरोसा है. उनका कहना है कि बीजेपी इस बार 2022 के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करेगी और उत्तर प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाएगी. 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों पर भी उन्होंने अपनी बात रखी. पंकज चौधरी के मुताबिक जनता अब बार-बार गुमराह होने वाली नहीं है. बीजेपी प्रो-इनकंबेंसी के दम पर चुनाव जीतती आई है और इस बार भी सरकार के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

इसके अलावा, पंकज चौधरी ने कहा की 17 सितंबर से पार्टी ‘सेवा संकल्प’ अभियान शुरू करेगी. इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, केंद्र के 12 साल के कार्यकाल और यूपी सरकार के साढ़े नौ साल की उपलब्धियों (जैसे कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, बेहतर कनेक्टिविटी और 18-24 घंटे बिजली आपूर्ति) को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

मायावती की BSP खोई जमीन वापस पाने की कोशिश में

इधर अपने राजनीतिक करियर के चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही बहुजन समाज पार्टी इस बार सतर्कता के साथ रणनीति बना रही है. बीएसपी का ध्यान मुख्य रूप से अपने पारंपरिक वोट बैंक को बचाने और नए समीकरण गढ़ने पर है। बीएसपी सुप्रीमो मायावती अपने कैडर को बीजेपी और अन्य विपक्षी दलों के लुभावने वादों से दूर रहने की नसीहत दे रही हैं. इसके साथ ही पार्टी राज्य में रणनीतिक सर्वे करवा रही है और संभावित प्रत्याशियों के साथ बैठके कर रही है। युवाओं को पार्टी से जोड़ने का जिम्मा BSP के मुख्य राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के कंधो पर डाला गया है. पार्टी सोशल इंजीनियरिंग के पुराने मॉडल को नए अंदाज में लागू कर अपने बोट बैंक का दायरा बढ़ाना चाहती है।

मायावती अपने कैडर को बीजेपी और दूसरे विपक्षी दलों के लुभावने वादों से सावधान रहने की सलाह दे रही हैं। बीएसपी इस बार टिकट बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन में भी सावधानी बरत रही है. पार्टी की ओर से रणनीतिक सर्वे कराए जा रहे हैं और संभावित प्रत्याशियों के साथ अलग-अलग दौर की बैठकें की जा रही हैं. यानी पार्टी चुनाव से पहले ही यह समझने की कोशिश कर रही है कि किस सीट पर कौन सा चेहरा बेहतर दांव साबित हो सकता है।

अखिलेश यादव के सामने PDA समीकरण मजबूत करने की चुनौती

इधर अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी भी 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन से मिले आत्मविश्वास के साथ मैदान में है। समाजवादी पार्टी का PDA—यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण—2027 की रणनीति का केंद्र बना हुआ है। मुस्लिम-यादव के पार जाकर गैर-यादव पिछड़ों और दलितों में पैठ बढ़ाना…यही अखिलेश की सबसे बड़ी राजनीतिक कवायद है।

सपा ने जमीनी स्तर पर अपनी घेराबंदी मजबूत करते हुए सीधे ‘बूथ संपर्क’ का अभियान शुरू कर दिया है। सपा के नेता और कार्यकर्ता यूपी में लोगो के घर-घर जाकर बीजेपी सरकार की असफलताओं को उजागर करने और पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के काम में जुट गए हैं। पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नेता लोगों के बीच पहुंचकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और अखिलेश सरकार के दौरान किए गए कार्यों को बताने की रणनीति अपना रहे हैं. सपा का फोकस सीधे मतदाता से संवाद स्थापित करने पर है. समाजवादी पार्टी खासतौर पर पीडीए समीकरण और स्थानीय मुद्दों के जरिए अपने पारंपरिक और नए वोटरों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस की भूमिका सपा गठबंधन और संगठन पर निर्भर

अब बात कांग्रेस की। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा -कांग्रेस गठबंधन ने यूपी में BJP को बड़ा झटका दिया था। सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 लोकसभा सीटें जीतीं। लेकिन विधानसभा का चुनाव अलग होता है। कांग्रेस की सबसे बड़ी चुनौती अभी भी संगठन है। यूपी के ज्यादातर हिस्सों में पार्टी के पास सपा और BJP जैसी बूथ-स्तरीय ताकत नहीं है। इसलिए कांग्रेस की 2027 में भूमिका इस बात पर काफी हद तक निर्भर करेगी कि सपा के साथ सीट शेयरिंग कैसी होती है और वोट ट्रांसफर कितना प्रभावी रहता है।

इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी इस बार आक्रामक तेवर अपनाते हुए बीजेपी को असहज करने की रणनीति पर काम कर रही है। कांग्रेस ने राम मंदिर में चढ़ावे/चंदे की चोरी के कथित मामले की बड़ा सियासी हथियार बनाया है. इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव में चौपाल लगाकर बीजेपी की घेराबंदी की जा रही है. पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को उठाकर कांग्रेस युवाओं और किसानों को अपने पाले में लाने का प्रयास कर रहीं है।

BJP, BSP, SP और कांग्रेस की अलग-अलग रणनीति

अगर पूरे चुनावी समीकरण को देखें तो बीजेपी सत्ता बचाने के लिए संगठन, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को अपना आधार बना रही है. बीएसपी अपने पारंपरिक वोट बैंक को संभालते हुए सोशल इंजीनियरिंग और युवा नेतृत्व के जरिए वापसी का रास्ता तलाश रही है. तो समाजवादी पार्टी PDA का सामाजिक समीकरण और मुस्लिम-यादव के पार जाकर गैर-यादव पिछड़ों और दलितों में पैठ बढ़ाने की कोशिस कर रही है। वहीं कांग्रेस रोजगार, पेपर लीक, किसान और कथित भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।

हालाँकि 2027 की लड़ाई में अभी काफी वक्त बाकी है, लेकिन राजनीतिक दलों की गतिविधियों से साफ है कि तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है. बीजेपी का लक्ष्य अपनी सत्ता की हैट्रिक है, तो मायावती के सामने पार्टी की जमीन को दोबारा मजबूत करने की चुनौती है वही सपा और कांग्रेस जनता के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश में है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यूपी चुनाव में जनता किस पार्टी के दांव पर अपने भरोसे की मुहर लगाती है।

FAQ

UP Election 2027 में किन पार्टियों के बीच मुख्य मुकाबला है?

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर BJP, समाजवादी पार्टी, BSP और कांग्रेस अपनी-अपनी रणनीतियों के साथ तैयारी कर रही हैं।

BJP की 2027 चुनाव के लिए क्या रणनीति है?

BJP संगठन, बूथ स्तर की सक्रियता, सामाजिक समीकरण, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आधार बनाकर चुनावी तैयारी कर रही है।

समाजवादी पार्टी की 2027 में क्या रणनीति है?

समाजवादी पार्टी का PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण उसकी रणनीति के केंद्र में है। पार्टी बूथ संपर्क और स्थानीय मुद्दों के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है।

मायावती की BSP किस रणनीति पर काम कर रही है?

BSP अपने पारंपरिक वोट बैंक को बचाने, नए सामाजिक समीकरण बनाने और सोशल इंजीनियरिंग के जरिए अपना वोट बैंक बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

2027 में कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है?

कांग्रेस के सामने संगठन को मजबूत करना और सपा के साथ संभावित सीट शेयरिंग तथा वोट ट्रांसफर को प्रभावी बनाना बड़ी चुनौती बताई गई है।