UP Election 2027: Mission 2027 पर मायावती का बड़ा ऐलान

  • August 11, 2026
  • 0
  • 6 Views
UP Election 2027 को लेकर मायावती और आकाश आनंद की राजनीतिक सक्रियता

UP Election 2027 को लेकर बसपा एक्टिव

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है… और अब बहुजन समाज पार्टी भी चुनावी मोड में नजर आ रही है। हाथरस के सादाबाद में आकाश आनंद की विशाल जनसभा के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

एक तरफ आकाश आनंद ने युवाओं और पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक को साधने की कोशिश की… तो दूसरी तरफ मायावती ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों की नीतियों पर सवाल खड़े किए। यानी बसपा ने साफ कर दिया है कि 2027 के चुनावी रण में वो सिर्फ मौजूद नहीं रहेगी… बल्कि अपने पुराने सियासी आधार को फिर से मजबूत करने की कोशिश करेगी।

मायावती ने BJP-कांग्रेस पर बोला हमला

दरअसल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का भले ही ऐलान न हुआ हो, लेकिन सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। हाथरस के सादाबाद में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की विशाल रैली ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है।

तो अब बसपा प्रमुख मायावती ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर हमले किए। मायावती ने आरोप लगाया कि BJP और कांग्रेस बार-बार संसद की कार्यवाही में बाधा डालकर जनता का ध्यान भटका रही हैं।

बसपा प्रमुख मायावती ने Gen-Z यानी युवा पीढ़ी का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी सरकार और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि Gen-Z और छात्र अपनी दिक्कतों को लेकर चिंतित हैं, लेकिन सरकार उनका समाधान नहीं कर पा रही है।

आरक्षण और रोजगार पर मायावती का निशाना

बसपा सुप्रीमो मायावती ने आरक्षण और छात्र-युवा आंदोलनों को लेकर भाजपा, कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में दलित, आदिवासी और अन्य पिछड़े वर्गों का आरक्षण अब लगभग निष्प्रभावी होता जा रहा है और RSS के लोग इसे और निष्प्रभावी बनाने में लगे हैं। मायावती ने कहा कि पब्लिक सेक्टर को कमजोर कर लगातार प्राइवेट सेक्टर को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे गरीब और बेरोजगार वर्ग पिछड़ रहा है, जबकि बड़े पूंजीपति और धन्नासेठ मजबूत होते जा रहे हैं।

मायावती ने कहा कि बसपा निजी क्षेत्र के खिलाफ नहीं है, लेकिन सरकारी नौकरियों की तरह निजी क्षेत्र में भी आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बसपा सरकार ने सरकारी सहयोग से स्थापित उद्योगों में भी आरक्षण देने की व्यवस्था लागू की थी।

दलित-पिछड़े वर्गों को लेकर मायावती का आरोप

इसके साथ ही बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सत्ता और विपक्ष की अंदरूनी मिलीभगत से दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों को फिर से ‘गुलाम और लाचार’ बनाने की साजिश चल रही है।

उन्होंने इन वर्गों से सतर्क और सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें अपने हितों की रक्षा के लिए बसपा से जुड़ना चाहिए और पार्टी को सत्ता में लाना चाहिए। मायावती ने कहा कि बसपा की सरकारों में सर्वसमाज के किसी वर्ग के साथ भेदभाव और पक्षपात नहीं किया गया। सभी वर्गों का राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक स्तर पर ध्यान रखा गया।

Gen-Z आंदोलन पर भी मायावती ने उठाए सवाल

इसके अलावा मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर हुए Gen-Z आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्रों, नौजवानों और Gen-Z की समस्याओं से जुड़ा यह आंदोलन गंभीर मुद्दों को उठाता है और बसपा हमेशा छात्र-युवाओं के साथ खड़ी रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने हाईजैक कर लिया। अब उसकी आड़ में संसद भी नहीं चल पा रही है। मायावती ने कहा कि छात्र और युवा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन जरूर करें, लेकिन उन्हें राजनीतिक दलों के हाथों का मोहरा नहीं बनना चाहिए।

मायावती ने Gen Z और छात्रों के बीच बढ़ती परेशानी का ज़िक्र किया। BSP प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी युवाओं और उनके माता-पिता के साथ खड़ी है और समाधान के लिए काम कर रही है। BSP हमेशा से अपनी राजनीतिक सोच के तहत उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। उनका विरोध छात्रों और उनके माता-पिता की समस्याओं से जुड़ा है। BSP इसका समाधान खोजने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।

सादाबाद में आकाश आनंद की बड़ी रैली

दरअसल हाथरस का सादाबाद…बसपा के चुनावी अभियान के लिहाज से अब खासा अहम हो गया है। 10 अगस्त को यहां पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।

रैली में जुटी भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह बसपा के लिए लंबे वक्त बाद एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की तस्वीर पेश करता नजर आया। आकाश आनंद ने अपने भाषण में बीजेपी से पिछले वर्षों के कामकाज का हिसाब मांगने के साथ बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे उठाए। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और युवाओं से खुद को जोड़ने की कोशिश की।

आकाश आनंद के जरिए युवाओं पर फोकस

दरअसल बसपा की रणनीति में सबसे बड़ा बदलाव…युवा चेहरे को आगे करने का है। आकाश आनंद की सक्रियता को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। मायावती ने उन्हें उत्तर प्रदेश के चुनावी अभियान की अहम जिम्मेदारी दी है और सादाबाद से उनकी सक्रिय चुनावी वापसी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी नई ऊर्जा पैदा की है।

आकाश आनंद का अंदाज भी मायावती की पारंपरिक शैली से अलग नजर आ रहा है। वो सीधे युवाओं से संवाद कर रहे हैं…बीजेपी पर रोजगार और महंगाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं…और विपक्षी खेमे के नेताओं पर भी आक्रामक राजनीतिक हमले कर रहे हैं। यानी बसपा की कोशिश है कि पार्टी की राजनीति को सिर्फ पुराने सामाजिक समीकरणों तक सीमित न रखा जाए…बल्कि युवा वोटर को भी उसके साथ जोड़ा जाए।

क्या BSP 2027 में अपना आधार मजबूत कर पाएगी?

लेकिन अब बड़ा सवाल है…क्या सादाबाद से शुरू हुई ये हलचल पूरे उत्तर प्रदेश में बसपा के लिए नई जमीन तैयार कर पाएगी? यूपी 2027 का विधानसभा चुनाव बीजेपी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के साथ-साथ बसपा के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है। खासकर इसलिए क्योंकि बसपा को अपने परंपरागत वोट बैंक के बीच दोबारा मजबूत पकड़ बनाने की चुनौती है।

ऐसे में मायावती की रणनीति एक तरफ अपने कोर वोटर को एकजुट रखने की है…तो दूसरी तरफ आकाश आनंद के जरिए युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने की। सादाबाद की रैली में बसपा ने एक और संकेत दिया है…कि पार्टी चुनावी तैयारी को अब जमीनी स्तर पर ले जा रही है। फिलहाल सादाबाद से बसपा ने 2027 के चुनावी अभियान का बिगुल फूंक दिया है।

आकाश आनंद ने मैदान में उतरकर युवाओं को साधने की कोशिश की है… तो मायावती ने अगले ही दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पार्टी की सियासी दिशा और विरोधियों पर हमले का एजेंडा सामने रख दिया। अब देखना होगा कि हाथरस से उठी बसपा की ये सियासी हलचल…क्या पूरे उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठन और वोट बैंक को फिर से सक्रिय कर पाती है या नहीं?