Ravi Kishan Viral: रवि किशन के बयान और अंदाज क्यों हो जाते हैं वायरल?

  • August 12, 2026
  • 0
  • 5 Views
सोशल मीडिया पर वायरल रवि किशन का वीडियो और बयान

रवि किशन के बयान से लेकर डांस तक, सब कुछ क्यों होता है वायरल?

मरने के बाद ख़ुद की चिता जलने में आनंद आ सकता है क्या? किसी वस्त्र को रिमोट से उठाया जा सकता है क्या? मनी फॉलोज़ माय ब्रदर्स। नाम के पीछे जाएं तो दाम दौड़कर आएगा क्या? क्या मुंह से बोलकर भी मौन व्रत रखा जा सकता है?

इन पुराने मगर हाल ही में फिर वायरल हुए बयानों और गाने की लाइनों को सुनें तो कोई कह सकता है- रवि किशन हैं तो मुमकिन है! अभिनेता और लोकसभा सदस्य रवि किशन पिछले काफी समय से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। दरअसल, उनके पॉडकास्ट में दिए गए इंटरव्यू, डांस मूव्स और रियलिटी शो में की गई बात पर कई पोस्ट और मीम्स बन गए हैं।

इस बारे में अभिनेता का कहना है कि वह यह सब जानबूझकर नहीं करते। रवि किशन ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर बन रहे वीडियो और मीम्स को लेकर रिएक्ट किया है।

‘पहचान’ वाली लाइन पर जमकर बने मीम्स

दिलचस्प बात यह है कि रवि किशन भी इस पूरे ट्रेंड से वाकिफ हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि आखिर उनके साथ ऐसा क्या है कि वह जो भी करते हैं, वह तुरंत लोगों का ध्यान खींच लेता है और वायरल हो जाता है।

दरअसल, मशहूर पॉडकास्टर राज शमानी के साथ बातचीत के दौरान जब रवि किशन से पूछा गया कि उनके लिए क्या ज्यादा जरूरी है- पहचान या पैसा? इस सवाल का जवाब रवि किशन ने अपने ही खास और बेबाक अंदाज में दिया। उन्होंने बिना एक पल गंवाए तुरंत कहा, ‘पहचान… पैसा तो मेरे अपने आप पीछे-पीछे आता है.’

उनके इस डायलॉग पर तरह-तरह के मीम्स बनाए जा रहे हैं और यूजर्स अलग-अलग अंदाज में इस लाइन का इस्तेमाल कर रहे हैं। वीडियो इतना वायरल हुआ कि भारतीय जनता पार्टी ने भी इसे अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट से शेयर किया।

BJP ने भी शेयर किया रवि किशन का वायरल वीडियो

गौरतलब है कि रवि किशन भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं। हाल ही में पार्टी के ऑफिशियल एक्स अकाउंट से उनका पॉडकास्ट वाला वीडियो शेयर किया गया। इसे खास तौर पर युवा दर्शकों और जेन जी को ध्यान में रखकर शेयर किया गया था।

रवि किशन ने भी इस वीडियो को रीपोस्ट किया और लिखा, ‘अच्छी रेप्यूटेशन पैसे से ज्यादा कीमती होती है। रेप्यूटेशन और पैसा एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। रेप्यूटेशन ही किंग है।’ हालांकि ये पहली बार नहीं है जब रवि किशन का कोई बयान या वीडियो इस तरह इंटरनेट पर छाया हुआ हो। वो अक्सर अपने किसी न किसी अंदाज के लिए ट्रेंड करते रहते हैं।

रवि किशन बोले- मुझे खुद नहीं पता क्यों वायरल हो जाता हूं

हाल ही में अपनी फिल्म ‘मां बहन’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में जब मीडिया ने उनसे हर बार वायरल होने के बारे में पूछा, तो उन्होंने हंसते हुए अपनी मासूमियत से जवाब दिया।

रवि किशन ने कहा, ‘मैं महादेव की कसम खाकर कहता हूं, मुझे खुद समझ नहीं आता कि मैं हर बार कैसे और क्यों वायरल हो जाता हूं।’

फिलहाल, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के एल्गोरिदम पर रवि किशन पूरी तरह से राज कर रहे हैं। कभी उनके पुराने भोजपुरी गानों के डांस वीडियो वायरल होते हैं, तो कभी किसी शो या इवेंट में स्टेज पर उनका गाना गाते हुए अंदाज ट्रेंड करने लगता है। इंटरव्यू में कहे गए उनके छोटे-छोटे डायलॉग्स और वन-लाइनर्स पर भी लोग मजेदार मीम्स बना रहे हैं।

रवि किशन के अंदाज को लोग क्यों पसंद करते हैं?

शायद बीते कई ट्रेंड्स में आपने भी ग़ौर किया होगा कि अचानक ही कोई चीज़ वायरल हो जाती है। रवि किशन के मामले में भी अचानक वायरल होने की कोई ख़ास वजह नहीं है।

न्यूज़ 18 से बातचीत में रवि किशन ने ख़ुद के मीम्स वायरल होने पर कहा, ”लोगों को मेरा अंदाज़ भा जाता है। मैं कुछ जानबूझकर नहीं करता हूं। मेरे अंदर अल पचीनो से लेकर अमिताभ बच्चन, बलराज साहनी, शाहरुख़ ख़ान, माइकल जैक्सन, एल्विस प्रेस्ली तक लोग नाचते गाते रहते हैं। यही वजह है कि मैं इतने फ्यूज़न देता हूं।”

26 जुलाई 2026 को ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ पर प्रकाशित एक इंटरव्यू में रवि किशन ने कहा, ”इस वक़्त लोग मुझे देश का सबसे वायरल आदमी कहते हैं। नेशनल क्रश, बिहार का ब्रैड पिट। क्या-क्या तो मेरे मीम्स हैं। मोस्ट ट्रोल्ड मैन। जल्दी द लेट… घर जाकर सुत्ती… ये सिर्फ़ फ़न है।”

डांस से लेकर मंच तक, रवि किशन का अंदाज फिर चर्चा में

दरअसल रवि किशन अपने बयानों के साथ-साथ अपने अंदाज़ के लिए भी चर्चा में रहते हैं। ‘मामला लीगल है’ के नए सीज़न लॉन्च से जुड़े एक कार्यक्रम में रवि किशन जिस तरह से मंच पर आए थे, वो भी अब रील्स में शेयर हो रहा है। या फिर रवि किशन का डांस स्टाइल हो… हालांकि रवि किशन के लिए ऐसी चर्चाएं नई नहीं हैं। ऐसे कई पल रहे हैं, जब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और रवि किशन के बीच सार्वजनिक मंचों पर हुए कई संवाद वायरल रहे।

‘मनी फॉलोज़ ब्रदर’ से लेकर ‘मौन रहिएगा’ तक

एक पॉडकास्ट में रवि किशन से पूछा गया था कि आपके लिए पहचान ज़्यादा ज़रूरी है या पैसा? इस पर रवि किशन ने कहा था, ”पहचान… मनी फॉलोज़ ब्रदर। नाम के पीछे जाएंगे तो दाम दौड़कर पीछे आएगा।”

वहीं 4 अगस्त 2026 को संसद के बाहर रवि किशन ने कहा था- “आज पंडित जी हमको बोले हैं कि मौन रहिएगा.” बीते दिनों इन बयानों के मीम्स ही सबसे ज़्यादा शेयर हुए।

पुराने भोजपुरी गाने पर रवि किशन मांग चुके हैं माफी

दरअसल भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में रवि किशन ने जिस तरह के गाने किए, उसकी भी काफ़ी आलोचना होती रहती है। इनमें से एक गाना है- ‘लहंगा उठा दे रिमोट से’।

मार्च 2023 में ‘आप की अदालत’ में रवि किशन ने इस बारे में कहा था, ”आज समस्त भारत के सामने इस गाने के लिए हम कान पकड़कर माफ़ी मांगते हैं। ये गाना मैंने नहीं गाया था। तब मैं कई शिफ़्ट करता था। एक सेट से दूसरे सेट पर कार से सोते हुए चला जाता था। मैंने होमवर्क नहीं किया था। मैंने परफॉर्म कर दिया था…”

जनसंख्या नियंत्रण कानून पर भी दिया था बयान

साल 2022 में जनसंख्या नियंत्रण क़ानून पर रवि किशन एक टीवी कार्यक्रम में बात कर रहे थे। इस दौरान जब एंकर ने पूछा कि आपके ख़ुद के चार बच्चे हैं।

इस पर रवि किशन ने कहा था, ”मेरे चार बच्चे हैं। मैंने संघर्ष भी किया है। मैंने काम चुना क्योंकि मनी विल फॉलो। बच्चे होने लगे। मैंने पत्नी को देखा कि वो पतली थीं, लंबी थीं। मैंने डिलिवरी के बाद बीवी के शरीर को बिगड़ते हुए देखा। अब जब मैं अपनी पत्नी को देखता हूं तो मुझे अफसोस होता है। ये बिल अगर कांग्रेस पहले लाती तो हम रुक जाते।”

फिल्मों और वेब सीरीज में भी बनाई अलग पहचान

वहीं बात करें तो रवि किशन ने बीते दिनों जिस तरह की फ़िल्में कीं या किरदार निभाए, उसको दर्शकों ने काफ़ी पसंद किया है। फिर चाहे ‘लापता लेडीज़’ की बात हो या फिर ‘मामला लीगल है’। रवि किशन की शुरुआती मशहूर फ़िल्मों में सलमान ख़ान की मशहूर फ़िल्म ‘तेरे नाम’ भी शामिल है। इस फ़िल्म में रवि ने रामेश्वर नाम का किरदार निभाया था। वहीं बीजेपी सांसद और सिंगर मनोज तिवारी से भी रवि किशन की नोंक-झोंक की रील्स शेयर होती रही हैं। हालांकि ये दोनों अकसर साथ में अपनी दोस्ती का इज़हार करते रहे हैं।

गोरखपुर सांसद से लेकर वायरल स्टार तक का सफर

गौरतलब है कि रवि किशन इस समय गोरखपुर से भाजपा सांसद हैं। उन्हें हाल ही में डायरेक्टर इंद्र कुमार की फिल्म ‘धमाल 4’ में देखा गया था। भोजपुरी, बॉलीवुड फिल्म और सीरीज के अलावा एक्टर ने टीवी शोज में भी काम किया है। वो बिग बॉस सीजन 1 में भी नजर आए थे। पिछले कई सीजन में उन्हें बिग बॉस में बतौर होस्ट भी देखा गया।

जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, वैसे-वैसे रवि किशन करियर में नया मुकाम हासिल कर रहे हैं। वो पिछले कई सालों से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अच्छा काम कर रहे हैं। बतौर पॉलिटिशियन देश की सेवा भी कर रहे हैं। अब रवि किशन नेता भी हैं, अभिनेता भी। और जिस तरह से वो आए दिन वायरल होते रहते हैं, तो रवि किशन के ही शब्दों में वो वायरल मैन भी हैं।