यूपी चुनाव 2027 को लेकर सियासी तैयारियां तेज
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी दलों ने अभी से अपनी रणनीतियों को धार देना शुरू कर दिया है. एक तरफ बीजेपी प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ नए सामाजिक और युवा वोट बैंक तक पहुंच बनाने में जुटी है, वहीं समाजवादी पार्टी अपने लंबे राजनीतिक वनवास को खत्म करने के लिए जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर रही है. अखिलेश यादव की बैठकों और बीजेपी के नए आउटरीच प्लान ने यूपी की सियासत में चुनावी माहौल बनाना शुरू कर दिया है।
दरअसल उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से ही सियासी बिसात बिछाई जाने लगी है. बीजेपी प्रदेश में सत्ता की हैट्रिक लगाने के लिए अपना राजनीतिक ताना-बाना बुनने में जुट गई है और पिछले कुछ चुनावों में बिगड़े अपने सामाजिक समीकरणों को दुरुस्त करने की कवायद कर रही है. दूसरी तरफ, सपा यूपी में अपने लंबे सियासी वनवास को खत्म करने के लिए बेताब दिख रही है. इसी कड़ी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जिला संगठन के शीर्ष नेताओं के साथ मैराथन बैठकें कर अपने ‘मिशन-2027’ का अनौपचारिक आगाज कर दिया है।
बीजेपी की नजर Gen-Z और Gen-Alpha वोटरों पर
दरसल बीजेपी की रणनीति में इस बार नई पीढ़ी के मतदाता अहम भूमिका में हैं. पार्टी Gen-Z और Gen-Alpha वर्ग तक पहुंच बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और नए दौर के कंटेंट को चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाने की तैयारी कर रही है. युवा इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के जरिए सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को युवाओं तक पहुंचाने की योजना है. बीजेपी की कोशिश है कि पहली बार या नए दौर में मतदान करने वाले युवाओं के साथ सीधा राजनीतिक जुड़ाव बनाया जाए।
बीजेपी का फोकस सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहने वाला है. पार्टी सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और अपने स्थानीय नेटवर्क के जरिए घर-घर तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है. जनसंपर्क के दौरान केंद्र और उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी. डिजिटल प्रचार और जमीनी संपर्क के इस मिश्रण के जरिए पार्टी 2027 से पहले अपना चुनावी नैरेटिव मजबूत करना चाहती है।
सपा ने शुरू किया बूथ संपर्क अभियान
वहीं, सपा ने जमीनी स्तर पर अपनी घेराबंदी मजबूत करते हुए सीधे ‘बूथ संपर्क’ का अभियान शुरू कर दिया है. सपा के नेता और कार्यकर्ता मंगलवार से घर-घर जाकर बीजेपी सरकार की असफलताओं को उजागर करने और पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के काम में जुट गए हैं। पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नेता लोगों के बीच पहुंचकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और अखिलेश सरकार के दौरान किए गए कार्यों को बताने की रणनीति अपना रहे हैं. सपा का फोकस सीधे मतदाता से संवाद स्थापित करने पर है. पार्टी खासतौर पर पीडीए समीकरण और स्थानीय मुद्दों के जरिए अपने पारंपरिक और नए वोटरों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है।
बता दे की यूपी में युवा मतदाताओं को लेकर राजनीतिक लड़ाई तेज होने के साथ रोजगार, भर्ती और पेपर लीक जैसे मुद्दे भी चुनावी बहस के केंद्र में आ सकते हैं. सपा और कांग्रेस बीजेपी के डिजिटल अभियान पर सवाल उठाते हुए युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बना रही हैं. विपक्ष का मानना है कि सोशल मीडिया और प्रचार के साथ-साथ सरकार को रोजगार और युवाओं की अन्य समस्याओं पर जवाब देना होगा. ऐसे में 2027 के चुनाव में युवा मतदाता राजनीतिक दलों के लिए सबसे अहम वर्ग बन सकते हैं।
युवा वोटर क्यों बन रहे हैं सबसे अहम
दरसल 2027 के चुनाव में युवा मतदाता राजनीतिक दलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण वर्ग बनकर उभर रहा है। इसकी वजह सिर्फ उनकी संख्या नहीं, बल्कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी सक्रियता भी है। युवा मतदाता किसी राजनीतिक मुद्दे को ऑनलाइन तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं और अपने परिवारों में भी राजनीतिक चर्चा को प्रभावित कर सकते हैं। इसी वजह से पार्टियां अब सिर्फ बड़ी रैलियों और पारंपरिक प्रचार पर निर्भर नहीं रहना चाहतीं। डिजिटल कैंपेन से लेकर कैंपस संवाद और घर-घर संपर्क तक, चुनावी रणनीति का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
युवाओं को साधने की कोशिश के बीच रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दे केंद्र में हैं। बीजेपी सरकार की ओर से युवाओं के लिए रोजगार और सरकारी योजनाओं को प्रमुखता से पेश किया जा रहा है, जबकि विपक्षी दल बेरोजगारी, परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक जैसे सवालों को उठाकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह दोनों खेमों की रणनीति अलग जरूर है, लेकिन लक्ष्य काफी हद तक एक है—युवा वोटर तक पहुंच बनाना और चुनाव से पहले अपना समर्थन मजबूत करना।
डिजिटल प्रचार से घर-घर पहुंचने की बीजेपी की तैयारी
इधर बीजेपी की योजना अपने युवा इन्फ्लुएंसर्स और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के जरिए सीधे आम जनता के घर-घर तक पहुंच बनाने की है. इस जनसंपर्क के दौरान मतदाताओं को यह समझाया जाएगा कि वर्ष 2014 के बाद देश के परिदृश्य में और 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के दौरान क्या-क्या बड़े सकारात्मक बदलाव आए हैं। पार्टी की मंशा डिजिटल कंटेंट, रील्स और सोशल मीडिया अभियानों के जरिए बुनियादी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे नए दौर के युवाओं तक पहुंचाने की है।
कुल मिलाकर 2027 के महासंग्राम से पहले यूपी में नए युवा वोटरों को अपने पाले में लाने की यह जंग बेहद दिलचस्प हो गई है। जहाँ बीजेपी डिजिटल क्रांति और घर-घर संपर्क के सहारे नई पीढ़ी तक पहुंच बना रही है, वहीं विपक्ष रोजगार, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है। खासबात यह है कि दिल्ली में Gen-Z के प्रदर्शन के बाद ये युवा वर्ग यूपी चुनाव के केंद्र में आ गए हैं।
रोजगार और पेपर लीक पर विपक्ष का फोकस
जहां बीजेपी डिजिटल क्रांति के जरिए घर-घर तक पहुंचकर नए वोटरों को अपने साथ जोड़ना चाहती है वहीं विपक्ष रोजगार, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी को मुद्दा बनाकर Gen-Z को अपने पाले में लाने की कोशिश में जुटी हुई है। वही बीजेपी की इस नई रणनीति को लेकर समाजवादी पार्टी ने सत्ताधारी पार्टी पर निशाना भी साधा है। समाजवादी पार्टी के एक नेता ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों और नाकामियों से लोगों में भारी गुस्सा है। बेरोजगारी और लटकी हुई भर्तियों की सच्चाई से युवाओं को केवल डिजिटल प्रचार के जरिए इस बार बीजेपी गुमराह नहीं कर पाएगी। वही अखिलेश यादव के निर्देश के बाद समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर पर चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है और डोर टू डोर कैंपेन को समाजवादी पार्टी ज्यादा तरजीह दे रही है।
यूपी चुनाव में Gen-Z की भूमिका पर सबकी नजर
ऐसे में इस बार साफ है कि 2027 का यूपी चुनाव किसी युद्ध से कम नहीं है और जीतने के लिए राजनीतिक दलों के तरकश में हर समुदाय और हर जेनरेशन को साधने के लिए कई तीर हैं। बीजेपी आधुनिक डिजिटल फ्लेटफॉर्म्स के जरिए Gen-Z के लिए नैरेटिव गढ़ने की कोशिश में है तो सपा इन्हीं Gen-Z की समस्या को सामने रखकर उन्हें पाले में लाने की कोशिश में जुटी है. ऐसे में अब चंद महीनों बाद ही साफ हो जाएगा कि आखिरकार Gen-Z इस बार किसके साथ है और यूपी का युवा वोटर किसके दांव पर अपनी मुहर लगाता है?


