असीम मुनीर को मिली बेशुमार ताकत, भारत के लिए कितना बड़ा खतरा?

  • August 22, 2026
  • 0
  • 3 Views
ASIM MUNIR के नेतृत्व में PAKISTAN के नए Military Command Structure की तस्वीर

साजिश या सुरक्षा का नया मॉडल?

ज़रा तस्वीर समझिए। अब तक पाकिस्तान की सैन्य संरचना में सेना, नौसेना और वायुसेना के अलग-अलग कमांड सिस्टम थे। लेकिन नए कानून के बाद डिफेन्स फोर्सेज हेडक्वार्टर्स की स्थापना का प्रावधान है और इसकी कमान चीफ ऑफ़ डिफेन्स फोर्सेज के पास होगी। साजिश… या सुरक्षा का नया मॉडल? पाकिस्तान में सत्ता और सैन्य ढांचे के केंद्र में बैठे आसिम मुनीर के दौर में भारत के सामने चुनौती सिर्फ सीमा पर तैनात सैनिकों की नहीं है। थल… नभ… जल… मिसाइल… ड्रोन… और अब साइबर स्पेस—क्या पाकिस्तान भारत के खिलाफ एक ऐसा बहु-आयामी सुरक्षा मॉडल तैयार कर रहा है, जिसमें युद्ध का मैदान सिर्फ बॉर्डर नहीं, बल्कि हर डोमेन बन जाए?

पाकिस्तान ने बदला सैन्य कमांड ढांचा

दरअसल पाकिस्तान की नेशनल असेंबली और सीनेट ने 20 अगस्त को डिफेंस फोर्सेज ऑफ पाकिस्तान एक्ट 2026 और नेशनल कमांड अथॉरिटी एक्ट 2010 में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इस नए कानून के जरिए पाकिस्तान ने अपनी सेना, नौसेना और वायुसेना को फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर के नेतृत्व वाले एक केंद्रीकृत कमांड ढांचे के अंदर ला दिया है। दरअसल भारत-पाकिस्तान टकराव का सबसे पुराना मोर्चा है—जमीन। एलओसी से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा तक, पाकिस्तान की रणनीति में पारंपरिक सैन्य दबाव के साथ घुसपैठ, ड्रोन और आतंकवादी नेटवर्क जैसे तत्व लंबे समय से जुड़े रहे हैं। लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। सीमा पर सिर्फ सैनिक नहीं—सेंसर, सर्विलांस सिस्टम, ड्रोन डिटेक्शन, एंटी-ड्रोन तकनीक और रियल-टाइम इंटेलिजेंस की अहमियत बढ़ गई है।

आसिम मुनीर के हाथों में बढ़ी ताकत

इधर मुनीर पहले से ही पाकिस्तान के आर्मी चीफ हैं और अब वे चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज का पद भी संभाल रहे हैं। यह नया कानून उन्हें प्रधानमंत्री का प्रमुख सैन्य सलाहकार बनाने के साथ-साथ पूरी सेना पर ऑपरेशनल कमांड का अधिकार भी देता है, जिससे पाकिस्तान की सैन्य ताकत अब पहले से कहीं ज्यादा एक ही व्यक्ति के हाथ में केंद्रित हो गई है।

यह कानून साल 2025 में हुए उन संवैधानिक बदलावों के अनुरूप है जिनके तहत सीडीएफ का नया पद बनाया गया था और चेयरमैन, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के पद को खत्म कर दिया गया था। मुनीर को दिसंबर 2025 में पाकिस्तान का पहला सीडीएफ नियुक्त किया गया था। नया कानून उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा और सशस्त्र बलों से जुड़े मामलों पर प्रधानमंत्री का मुख्य सलाहकार बनाता है, साथ ही उन्हें सेना पर परिचालन कमांड और नियंत्रण का अधिकार भी देता है।

डिफेंस फोर्सेज हेडक्वार्टर्स की नई व्यवस्था

इस एक्ट के तहत एक डिफेंस फोर्सेज हेडक्वार्टर बनाया गया है, जो सीडीएफ के अधीन काम करेगा और पाकिस्तान की सशस्त्र सेनाओं का मुख्य केंद्र होगा। इसके जरिए मुनीर को सेना, नौसेना और वायुसेना के साथ-साथ संयुक्त, रणनीतिक और मल्टीडोमेन ऑपरेशनों को समन्वित करने के लिए एक स्थायी व्यवस्था मिल गई है।

कानून सीडीएफ को जमीन, हवा, समुद्र, साइबर और रणनीतिक क्षेत्रों में तालमेल और एकीकरण मजबूत करने की जिम्मेदारी भी देता है। इसका मतलब है कि पाकिस्तान अब तीनों सेनाओं के अलग-अलग काम करने वाले पुराने ढांचे से हटकर एक ही कमांड सिस्टम की ओर बढ़ रहा है, जिसकी अगुवाई आर्मी चीफ आसिम मुनीर करेंगे।

भारत के लिए क्यों अहम है यह बदलाव?

वही भारत के लिए सबसे अहम बात यह है कि अब सैन्य ताकत एक ही दफ्तर में सिमट गई है। मुनीर अपने प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय सुरक्षा नीति पर सलाह भी दे सकते हैं और सेना के फैसलों को लागू भी कर सकते हैं। यानी शांति और संकट, दोनों ही स्थितियों में सलाहकार और कार्यकारी, दोनों भूमिकाएं अब उनके पास हैं।

नए कानून के तहत मुनीर को सैन्यकर्मियों से जुड़े मामलों में भी बड़ी ताकत मिली है। वे कानून की सीमाओं के भीतर किसी भी अफसर को रिटायर, रिलीज या डिस्चार्ज कर सकते हैं, इस्तीफे स्वीकार या खारिज कर सकते हैं, किसी को सेवा में बनाए रख सकते हैं और रिटायरमेंट उम्र या सेवा शर्तों में ढील दे सकते हैं। साथ ही, संघीय सरकार उन्हें और अतिरिक्त अधिकार भी सौंप सकती है।

परमाणु और रणनीतिक कमांड व्यवस्था पर भी असर

दरअसल यह कानून तुरंत प्रभाव से लागू माना गया है, लेकिन इसे 13 नवंबर 2026 से प्रभावी माना जाएगा। इसका मतलब है कि इससे पहले लिए गए फैसले, आदेश और निर्देश तब तक मान्य रहेंगे जब तक वे इस एक्ट के अनुरूप हैं। इससे साफ है कि पाकिस्तान पिछले कई महीनों से इस नए कमांड ढांचे पर पहले से काम कर रहा था।

इस बदलाव का असर पाकिस्तान की परमाणु और रणनीतिक कमांड व्यवस्था पर भी पड़ेगा। इससे पहले हुए संवैधानिक बदलावों के तहत नेशनल स्ट्रैटेजिक कमांड के कमांडर का पद बनाया गया था और चेयरमैन, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी को हटा दिया गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका मतलब यह नहीं कि हर परमाणु फैसला सीधे सीडीएफ ही लेंगे, क्योंकि पाकिस्तान की औपचारिक राजनीतिक और संस्थागत प्रक्रियाएं अब भी मौजूद हैं। लेकिन पुरानी संयुक्त सेवा व्यवस्था की अहमियत जरूर कम हो गई है और आर्मी चीफ की भूमिका पहले से ज्यादा बड़ी हो गई है।

हाल के सैन्य टकरावों से मिले सबक

इधर पाकिस्तान ने इस कानून को हाल के सैन्य टकरावों से मिले सबक का नतीजा बताया है। सरकार का कहना है कि इससे तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, तुरंत जानकारी साझा करना और नेटवर्क आधारित युद्ध क्षमता मजबूत होगी। यह बदलाव मई 2025 में हुए भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को मिले भारी झटकों के अनुभव से भी जुड़ा माना जा रहा है। उस संघर्ष के बाद मुनीर ने खुद को फील्ड मार्शल के पद पर प्रमोट किया था।

राजनितिक विश्लेषकों का कहना है कि केंद्रीकृत व्यवस्था से पाकिस्तान संकट के समय तेजी से फैसले ले सकता है और हवाई सुरक्षा, मिसाइल बलों, समुद्री ताकत, साइबर ऑपरेशन और जमीनी सेनाओं के बीच तालमेल बेहतर हो सकता है, जो भारत के साथ किसी भी भविष्य के टकराव में अहम हो सकता है। हालांकि यह कानून पाकिस्तान को नए हथियार या बेहतर तकनीक नहीं देता। इसकी असली कामयाबी संचार व्यवस्था, खुफिया तालमेल, संयुक्त प्रशिक्षण और तीनों सेनाओं की आपसी सहमति पर निर्भर करेगी।

अब भारत के सामने क्या चुनौती है?

तो पाकिस्तान ने अपने कमांड ढांचे में बड़ा बदलाव कर दिया है। अब असली परीक्षा भारत की है—

क्या भारत इस बदलाव को सिर्फ पाकिस्तान की नई चाल के रूप में देखेगा…या अपने अगले सैन्य युग की तैयारी के संकेत के रूप में?