‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों में समाहित है जनता से आत्मीय संवाद
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक गरिमामय समारोह में जनता से सीधे संवाद की उनकी अनूठी श्रृंखला ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित भव्य ‘कॉफी टेबल बुक’ का विमोचन किया। यह पुस्तक विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी मुद्दों पर प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री द्वारा लिखे गए भावपूर्ण पत्रों का संग्रह है।
विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल सरकारी सूचनाओं या योजनाओं के प्रचार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करने का एक सशक्त जरिया है। इस संग्रह के माध्यम से युवाओं, छात्रों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों से जुड़े उन संवेदनशील मुद्दों को सामने लाया गया है, जिनकी जानकारी अक्सर आम जनमानस तक नहीं पहुंच पाती। इस प्रकार योगी की पाती कॉफी टेबल बुक सुशासन और जनसंवाद का जीवंत दस्तावेज बन गई है।
‘वनटांगिया गांव में बच्चों के लिए स्कूल बनवाया तो पिछली सरकार ने दर्ज किया था मुकदमा’
अपने पुराने संसदीय और सामाजिक जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए सीएम योगी ने गोरखपुर के वनटांगिया समुदाय की बदहाली और संघर्षों को याद किया। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश शासनकाल और आजादी के दशकों बाद तक वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं मिला था और वहां बच्चों की पढ़ाई व स्वास्थ्य की कोई व्यवस्था नहीं थी। योगी ने भावुक होते हुए कहा, “जब मैंने गोरखपुर के वनटांगिया गांव में गरीब बच्चों को पढ़ाने के लिए गोरखनाथ मंदिर ट्रस्ट की ओर से एक स्कूल बनवाया, तो तत्कालीन सरकार ने प्रशासन भेजकर मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था।”
उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि आज डबल इंजन की सरकार में वनटांगिया परिवारों को राजस्व ग्राम का अधिकार, पक्के मकान, स्कूल, बिजली और सभी सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्वांचल में हर साल हजारों बच्चों की जान लेने वाली ‘इंसेफेलाइटिस’ (मस्तिष्क ज्वर) बीमारी के सफल उन्मूलन और सरकारी स्कूलों के कायाकल्प की यात्रा पर भी प्रकाश डाला। बहरहाल, योगी की पाती कॉफी टेबल बुक प्रदेश की बदलती तस्वीर और संवेदनशील नेतृत्व की गाथा प्रस्तुत करती है।


