बाली में आईसीसी बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से लगी मुहर, शशांक मनोहर की बराबरी की
वैश्विक क्रिकेट प्रशासन में भारत के दबदबे को और अधिक सुदृढ़ करते हुए जय शाह लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के निर्विरोध चेयरमैन चुन लिए गए हैं। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित आईसीसी की वार्षिक बोर्ड और समिति बैठकों में सभी सदस्य देशों के निदेशकों (डायरेक्टर्स) ने सर्वसम्मति से जय शाह को फिर से चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे बिना किसी विरोध के पारित कर दिया गया।
इस ऐतिहासिक पुनर्निर्वाचन के साथ जय शाह लगातार दो कार्यकाल तक आईसीसी चेयरमैन का पद संभालने वाले शशांक मनोहर के बाद दूसरे भारतीय और समग्र रूप से आईसीसी के शीर्ष पद पर पहुंचने वाले पांचवें भारतीय बन गए हैं। इससे पूर्व जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर (2016 से 2020 तक दो बार) आईसीसी प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इस सर्वसम्मत फैसले के साथ जय शाह आईसीसी चेयरमैन के रूप में विश्व क्रिकेट के सबसे शक्तिशाली प्रशासक बने रहेंगे।
‘2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी हमारे लिए सबसे बड़ा अवसर’
पुनः निर्वाचित होने के बाद जय शाह ने सभी सदस्य बोर्डों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आईसीसी चेयरमैन के रूप में कार्य करना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के खेल को नए देशों तक पहुंचाने और मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करता रहूंगा।” उन्होंने आगामी लक्ष्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेलों में 128 साल बाद होने जा रही क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी हमारे लिए वैश्विक स्तर पर नए दर्शकों तक पहुंचने का सबसे सुनहरा अवसर है।
शाह ने कहा कि हमें खिलाड़ियों, प्रशंसकों, कमर्शियल पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी हितधारकों के हितों का संतुलन बनाते हुए क्रिकेट की नींव को और मजबूत करना है। उल्लेखनीय है कि जय शाह पहली बार दिसंबर 2024 में मात्र 36 वर्ष की आयु में न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह लेकर आईसीसी के सबसे युवा चेयरमैन बने थे। अब जय शाह आईसीसी चेयरमैन की दूसरी पारी में ओलंपिक क्रिकेट के सफल आयोजन का नेतृत्व करेंगे।
अहमदाबाद जिला बोर्ड से लेकर आईसीसी के शीर्ष पद तक का सफर
जय शाह ने अपने क्रिकेट प्रशासनिक करियर की शुरुआत वर्ष 2009 में अहमदाबाद के केंद्रीय क्रिकेट बोर्ड के कार्यकारी सदस्य के रूप में की थी। इसके बाद सितंबर 2013 में वे गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के संयुक्त सचिव बने, 2015 में बीसीसीआई की वित्त समिति में शामिल हुए और वर्ष 2019 में पहली बार बीसीसीआई के सचिव बने, जहां उन्होंने महिला प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत और खिलाड़ियों के वेतन में ऐतिहासिक वृद्धि जैसे बड़े सुधार लागू किए। बहरहाल, जय शाह आईसीसी चेयरमैन के रूप में भारत का वैश्विक कद लगातार ऊंचा कर रहे हैं।


