मोनिका मनी के बाद अब प्रिया सिंह की एंट्री, तेज प्रताप ने दी बड़ी जिम्मेदारी

  • September 8, 2026
  • 0
  • 1 Views
तेज प्रताप यादव और प्रिया सिंह वत्स से जुड़ी राजनीतिक खबर

बिहार की राजनीति में अचानक चर्चा में आया प्रिया सिंह वत्स का नाम

राजनीति में कई बार कोई नाम अचानक सुर्खियों में आता है और चर्चा का विषय बन जाता है। ऐसे मामलों में पहला सवाल यही उठता है कि आखिर यह चेहरा कौन है? बिहार की राजनीति में ऐसा ही एक नाम इन दिनों प्रिया सिंह वत्स का है, जिन्हें तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जन शक्ति जनता दल का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। जेजेडी की नेशनल स्पोक्स पर्सन के तौर पर नियुक्ति के साथ ही प्रिया सिंह वत्स चर्चा में हैं और अब हर तरफ यही सवाल है कि आखिर वह कौन हैं, जिन पर तेज प्रताप यादव ने इतना बड़ा भरोसा जताया है।

दरअसल बिहार की राजनीति में सक्रिय जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का नया राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में तेज प्रताप ने कहा कि सर्वसम्मति से लिया गया यह फैसला पार्टी को एक नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। प्रिया सिंह वत्स इससे पहले अलग-अलग सामाजिक आंदोलनों, कंटेंट क्रिएशन और राजनीतिक दलों से जुड़ी रही हैं। उनकी नियुक्ति से पार्टी को उम्मीद है कि वे जनशक्ति जनता दल के विचारों को आम जनता तक मजबूती और निष्ठा के साथ पहुंचाएंगी।

तेज प्रताप यादव ने खुद किया नियुक्ति का ऐलान

बिहार की सियासत में तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है। राजद से 6 साल के लिए निकाले जाने के बाद अपनी नई पार्टी जन शक्ति जनता दल (JJD) को खड़ा करने में लगे तेज प्रताप ने पटना की चर्चित चेहरा प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बना दिया है। तेज प्रताप ने खुद X पर ऐलान किया- “सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी की नीतियों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए आपको राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया जाता है।” अपने पोस्ट में तेज प्रताप ने आगे लिखा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि आपकी इस नियुक्ति से पार्टी को एक नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। आप अपनी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगी। अब सवाल है कि आखिर ये प्रिया सिंह वत्स हैं कौन, जो रातोंरात जेजेडी की आवाज बन गईं?

सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सक्रिय रही हैं प्रिया सिंह वत्स

दरअसल प्रिया सिंह वत्स सामाजिक न्याय से जुड़ी मसलों पर लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज कराती रही हैं। भोजपुर के भरत भूषण तिवारी कथित एनकाउंटर और पटना के बंटी यादव हत्याकांड जैसे मामलों में परिजनों को न्याय दिलाने की बात कह चुकी हैं। प्रिया ने तो भरत भूषण तिवारी के निधन के बाद वे उनके पैतृक गांव बिलौटी पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मिली भी थीं और हर संभव मदद का भरोसा दिया था। वैसे, सामाजिक कार्यों के अलावा वे एक डिजिटल कंटेंट और आर्ट क्रिएटर के रूप में भी पहचानी जाती हैं। तो प्रिया वत्स के बारे में इतना जान लीजिए कि वह राजनीति के क्षेत्र की कोई नई खिलाड़ी नहीं हैं।

इनका बायोडाटा देखिए तो कई पार्टियों और संगठनों के झंडे दिखेंगे। फिलहाल जनशक्ति जनता दल की राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाई गई हैं। “पॉलिटिकल घुमक्कड़” के तौर पर इनकी पहचान बन गई है। खास बात यह कि जहां भी गई हैं अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करवाती रही हैं।

कई राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़ी रही हैं

प्रिया सिंह वत्स की पहचान सिर्फ सामान्य राजनीतिज्ञ के नाम तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी एक सक्रिय महिला नेता के तौर पर जानी जाती हैं। जानकारी के मुताबिक वह सामाजिक आंदोलनों, डिजिटल कंटेंट और आर्ट क्रिएशन के साथ कई राजनीतिक दलों से भी जुड़ी रही हैं और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सक्रिय रही हैं। दरअसल प्रिया सिंह वत्स का राजनीतिक सफर कई दलों और संगठनों के रास्तों से होकर गुजरा है। वे वर्तमान में श्री राजपूत करणी सेना की महिला प्रदेश उपाध्यक्ष भी रही हैं। अब वह जेजेडी ज्वाइन कर चुकी हैं और पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। तेज प्रताप यादव ने उम्मीद जताई कि प्रिया के आने से जेजेडी को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी, और वे जिम्मेदारी को निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से निभाएंगी।

भरत तिवारी मामले के बाद भी चर्चा में रही थीं

प्रिया सिंह वत्स का सामाजिक न्याय के मामलों में सक्रियता खास है। जेजेडी में आने से पहले हाल में ही वह तब चर्चा में रहीं जब भोजपुर के बिलौटी गांव में युवक भरत तिवारी के कथित पुलिस एनकाउंटर में मौत की खबर आई। भरत तिवारी के निधन के बाद वे उनके पैतृक गांव बिलौटी पहुंचकर परिवार से मिलीं और मदद का भरोसा दिया था।इसके अलावा प्रिया सिंह मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी यानी वीआईपी में प्रदेश प्रवक्ता रह चुकी हैं। हाल में ही वीआईपी में रहते हुए उन्होंने बांकीपुर में प्रशांत किशोर की पार्टी को हराने जैसे मुखर बयान दिए थे।

वहीं प्रिया की तस्वीरें आरजेडी ऑफिस में भी दिखती रही हैं। वे तेजस्वी यादव के साथ मंच पर भी नजर आई हैं। कांग्रेस नेताओं और श्याम रजक के साथ भी उनके फोटो सामने आते रहे हैं। इससे साफ है कि वे बिहार के विभिन्न राजनीतिक मंडलों में सक्रिय रही हैं। इस तरह प्रिया सिंह वत्स का राजनीतिक सफर एक ही पार्टी तक सीमित नहीं रहा है। अलग-अलग राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़ने के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक मुद्दों और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। अब जनशक्ति जनता दल में राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके राजनीतिक सफर का एक नया अध्याय शुरू हुआ है।

तेज प्रताप की टीम में पहले भी शामिल हुआ महिला चेहरा

खास बात ये भी है कि तेज प्रताप की टीम में महिला चेहरों को जगह देने की कवायद पहले भी नजर आई है। इसी साल मार्च में मोनिका मनी ने भी तेज प्रताप की पार्टी ज्वाइन की थी। उन्हें सामाजिक क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कामों के लिए सक्रिय बताया गया है। हालाँकि ताज होटल कांड विवाद के बाद वो पार्टी से अलग हो गई है। अब प्रिया सिंह वत्स को राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिलना बताता है कि तेज प्रताप अपनी पार्टी में महिला चेहरों को सिर्फ सदस्य या समर्थक के तौर पर नहीं, बल्कि संगठन और सार्वजनिक संवाद की अहम जिम्मेदारियों में भी आगे ला रहे हैं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता बनने के बाद क्या होगी प्रिया की जिम्मेदारी?

फिलहाल जेजेडी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनने के बाद प्रिया सिंह वत्स को नये राजनीतिक मंच पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिला है। ऐसे में अब यह जिम्मेदारी सिर्फ बयान देने तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें पार्टी की लाइन को समझना, उसे प्रभावी भाषा में रखना और बदलते राजनीतिक माहौल में पार्टी का पक्ष मजबूती से सामने रखना होगा।

गौरतलब है कि जब बिहार की सियासत में तेज प्रताप यादव लगातार अपनी पार्टी को आगे बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं, प्रिया सिंह वत्स अब जनशक्ति जनता दल की आवाज बनकर सामने आएंगी। बता दें कि तेज प्रताप यादव की राजनीति में उतार-चढ़ाव कोई नई बात नहीं है। लेकिन अब उनकी नजर पार्टी संगठन को मजबूत करने और नए चेहरों को सामने लाने पर दिखाई दे रही है। प्रिया सिंह वत्स की एंट्री इसी सिलसिले की अगली कड़ी है।

क्या JJD की आवाज को मजबूती दे पाएंगी प्रिया सिंह वत्स?

अब देखना ये होगा कि राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर प्रिया सिंह वत्स कितनी मजबूती से JJD की आवाज बनती हैं…और क्या तेज प्रताप की नई टीम बिहार की राजनीति में अपनी अलग जगह बना पाती है?