AI वीडियो से ब्लैकमेल, फिर होटल में दुष्कर्म… बेगूसराय होटल कांड की पूरी कहानी

  • September 30, 2026
  • 0
  • 1 Views
बेगूसराय होटल कांड में AI वीडियो ब्लैकमेल और दुष्कर्म मामले की जांच

AI के गलत इस्तेमाल से शुरू हुआ मामला

जिस तकनीक को इंसानी जिंदगी आसान बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाना था, उसी तकनीक के गलत इस्तेमाल ने बिहार के बेगूसराय में एक युवती की जिंदगी को दहला देने वाली स्थिति में पहुंचा दिया। आरोप है कि पहले AI की मदद से युवती का फर्जी अश्लील वीडियो तैयार किया गया…फिर उसी वीडियो के नाम पर उसे ब्लैकमेल किया गया…और जब दबाव काम नहीं आया, तो उसके साथ एक होटल में मारपीट भी किया और दुष्कर्म का गंभीर आरोप सामने आया।

दरअसल बिहार के बेगूसराय में युवती से होटल के कमरे में दुष्कर्म, बेरहमी से पिटाई और वीडियो वायरल करने का मामला इन दिनों सुर्खियों में हैं। इस मामले में पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी को समस्तीपुर के मोहद्दीनगर से पकड़ा गया, जबकि उसके बहनोई विक्रम कुमार को बेगूसराय से गिरफ्तार किया गया। इस पूरे मामले की कहानी युवती की ओर से दिए गए प्राथमिकी आवेदन और पुलिस की जांच के आधार पर कुछ इस तरह सामने आती है। आरोप के मुताबिक युवती का ननिहाल रोहित के गांव में है, जबकि रोहित का बहनोई विक्रम कुमार युवती के मोहल्ले में रहता है। इसी वजह से युवती और रोहित की पहचान हुई थी। युवती स्वयं सहायता समूह से जुड़े काम करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत होने लगी।

अलका सिनेमा के पास होटल तक कैसे पहुंची युवती?

दरअसल पूरा मामला बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लू डायमंड होटल का है। रिपोर्टों के मुताबिक, 27 सितंबर की सुबह युवती अपने स्वयं सहायता समूह से जुड़े काम के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में उसके परिचित विक्रम ने उसे बाइक से आगे छोड़ने की बात कही। लेकिन युवती को कथित तौर पर अलका सिनेमा के पास स्थित होटल तक ले जाया गया, जहां रोहित कुमार पहले से मौजूद था। यहीं से शुरू होती है इस पूरे मामले की सबसे गंभीर कड़ी।

पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी रोहित ने कुछ महीने पहले AI तकनीक का इस्तेमाल कर उसका एक फर्जी अश्लील वीडियो तैयार किया था। आरोप है कि इसी वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर युवती पर बातचीत और दबाव बनाया जा रहा था। युवती जब इसके लिए तैयार नहीं हुई, तो कथित तौर पर उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती रही। और फिर 27 सितंबर को उसे यह कहकर होटल ले जाया गया कि बातचीत करके मामले को सुलझा लिया जाएगा।लेकिन होटल के कमरे में पहुंचने के बाद हालात कथित तौर पर पूरी तरह बदल गए।

कमरा नंबर 203 में मारपीट और दुष्कर्म का आरोप

अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार अमर के मुताबिक पीड़िता ने बताया कि रोहित ने AI की मदद से उसका अश्लील वीडियो तैयार किया और उसे भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद वह वीडियो के जरिए युवती पर बातचीत और मिलने का दबाव बनाने लगा। युवती इसके लिए तैयार नहीं थी, लेकिन कथित तौर पर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा। आरोप के मुताबिक इसके बाद रोहित युवती को होटल के कमरा नंबर 203 में ले गया। यहीं से मामले ने गंभीर रूप ले लिया। पीड़िता के आवेदन के अनुसार कमरे में रोहित ने उसके साथ लात-घूंसों और चप्पल से मारपीट की। युवती के विरोध और चीखने-चिल्लाने के बावजूद मारपीट जारी रही।

आरोप है कि रोहित ने युवती को निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बनाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि वह अपनी जान बचाने के लिए बाथरूम में जाकर बंद हो गई थी। उसे आशंका थी कि आरोपी उसकी हत्या भी कर सकता है। इन आरोपों के बाद मामला और गंभीर हो गया। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और होटल में मौजूद CCTV फुटेज तथा दूसरे साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

वीडियो वायरल करने और मोबाइल तोड़ने का आरोप

अधिवक्ता के मुताबिक घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती का वीडियो जीविका दीदी के स्वयं सहायता समूह से जुड़े ग्रुप में वायरल कर दिया। आरोप है कि पीड़िता का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। पुलिस अब वायरल वीडियो और मोबाइल समेत मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

इस घटना के अगले दिन यानी 28 सितंबर को युवती शिकायत लेकर कई जगह पहुंची। पीड़िता की शिकायत के बाद 28 सितंबर को FIR दर्ज की गई। पुलिस ने होटल पहुंचकर CCTV फुटेज और एंट्री रजिस्टर की जांच की। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी की गई। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई और दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने पहले विक्रम कुमार को गिरफ्तार किया।

बता दें कि विक्रम मुख्य आरोपी रोहित का बहनोई बताया जा रहा है और एक निजी होटल में काम करता है। पुलिस को विक्रम से पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी रोहित के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ और एसआईटी समेत पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय की गई।

समस्तीपुर से पकड़ा गया मुख्य आरोपी रोहित

वहीं तकनीकी निगरानी और अन्य जांच के आधार पर पुलिस को पता चला कि रोहित समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर बाजार में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु के नेतृत्व में पुलिस टीम वहां पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, रोहित ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। दरअसल रोहित को समस्तीपुर से बेगूसराय लाया जा रहा था। रास्ते में सुल्तानपुर के पास उसने पेशाब करने के लिए गाड़ी रोकने को कहा। गाड़ी धीमी होते ही उसने पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की।

पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे दोबारा पकड़ लिया। इस दौरान गाड़ी से कूदने की वजह से रोहित के दाहिने घुटने में गंभीर चोट लगी। उसे पहले बछवाड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस तरह पुलिस की कार्रवाई में मामले के दोनों नामजद आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि, घटना से जुड़े सभी आरोपों और परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।

पुलिस कर रही डिजिटल साक्ष्यों की जांच

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में बिहार में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीच शहर इस तरह की घटना के बाद एक बार फिर बिहार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एसपी मनीष के मुताबिक मामले में दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

वहीं पुलिस पूछताछ के साथ वायरल वीडियो, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। जांच में होटल के CCTV फुटेज, एंट्री रजिस्टर और घटनास्थल से जुटाए गए फॉरेंसिक साक्ष्यों को भी शामिल किया गया है। बेगूसराय होटल कांड में सामने आए आरोपों के साथ-साथ पुलिस की कार्रवाई भी आगे बढ़ रही है। फिलहाल दोनों नामजद आरोपी गिरफ्तार हैं और जांच एजेंसियां उपलब्ध डिजिटल तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही हैं।