ऑनलाइन शॉपिंग के नियम बदलेंगे, फर्जी छूट पर लगेगी लगाम; 1 जनवरी से नए बदलाव

  • September 12, 2026
  • 0
  • 1 Views
ऑनलाइन शॉपिंग के नियमों में फर्जी छूट को लेकर बदलाव

नए नियम 1 जनवरी 2027 से

नई दिल्ली, ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों के लिए अगले साल से कई बड़े बदलाव होने वाले हैं। सरकार ने ई-कॉमर्स से जुड़े नियमों में बदलाव किया है, जो 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। नए नियमों के बाद ऑनलाइन सामान बेचने वाली कंपनियों को डिस्काउंट दिखाने से लेकर पैसे देकर ऊपर दिखाए गए सामान और सर्च रिजल्ट तक में ज्यादा साफ जानकारी देनी होगी। ऑनलाइन शॉपिंग के नियम का मकसद ऑनलाइन खरीदारी के दौरान ग्राहकों को गुमराह होने से बचाना है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के मुताबिक, नए नियमों का मकसद ऑनलाइन खरीदारी के दौरान ग्राहकों को गुमराह होने से बचाना है।

फर्जी छूट पर कैसे लगेगी लगाम?

कई बार किसी सामान पर बड़ा डिस्काउंट दिखाया जाता है। लेकिन ग्राहक के लिए यह पता लगाना मुश्किल होता है कि सामान वास्तव में पहले कितनी कीमत में बिक रहा था। नए नियमों के तहत अगर कोई कंपनी किसी सामान की कीमत घटाकर दिखाती है तो उसे पुरानी कीमत भी बतानी होगी। पुरानी कीमत वह मानी जाएगी जो डिस्काउंट की घोषणा से पहले के 30 दिनों में उस सामान की सबसे कम कीमत रही हो।

मान लीजिए किसी सामान को पिछले 30 दिनों में सबसे कम 1,000 रुपए में बेचा गया था। ऐसे में कंपनी केवल ज्यादा कीमत दिखाकर उस पर बड़ा डिस्काउंट बताने का तरीका नहीं अपना सकेगी।

पैसे देकर ऊपर दिखाए गए सामान की जानकारी

ऑनलाइन शॉपिंग करते समय सर्च में कुछ सामान सबसे ऊपर दिखाई देते हैं। इनमें से कई कंपनियों या विक्रेताओं की तरफ से पैसे देकर ऊपर दिखाए जाते हैं। नए नियम लागू होने के बाद ऐसे सामान के साथ साफ तौर पर बताना होगा कि यह पैसे देकर दिखाया गया है। यानी ग्राहक को सामान्य सर्च रिजल्ट और पैसे देकर ऊपर दिखाए गए सामान के बीच फर्क समझने में आसानी होगी।

ग्राहक की शिकायत को लेकर भी बदलाव

ऑनलाइन बाजार चलाने वाली कंपनियों को किसी सामान या सेवा से जुड़ी जरूरी जानकारी भी ग्राहक को देनी होगी। इसमें सामान कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है, वापसी और पैसा लौटाने के नियम, वारंटी, डिलीवरी और भुगतान से जुड़ी जानकारी शामिल होगी।

अगर सामान विदेश से आया है तो उसे भारत में मंगाने वाले की जानकारी और वह किस देश में बना है, यह भी बताना होगा। नए नियमों में ग्राहकों की शिकायत को लेकर भी बदलाव किया गया है। अगर कोई ग्राहक शिकायत करता है तो कंपनी के शिकायत अधिकारी ने उसकी शिकायत जिस तरह दर्ज की है, उसकी एक कॉपी ग्राहक को देनी होगी। ऑनलाइन शॉपिंग के नियम के तहत कंपनियों को नियमों के पालन का प्रमाण पत्र भी दिखाना होगा।