डिमैट 2.0 लॉन्च, कॉरपोरेट बॉन्ड को डिजिटल टोकन में बदलने की सुविधा

  • September 12, 2026
  • 0
  • 1 Views
डिमैट 2.0 के तहत कॉरपोरेट बॉन्ड का डिजिटल टोकन

कॉरपोरेट बॉन्ड के लिए डिमैट 2.0

नई दिल्ली, मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के दौरान सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी सेबी ने कॉरपोरेट बॉन्ड के लिए “डिमैट 2.0” पायलट लॉन्च किया है। इसके तहत कॉरपोरेट बॉन्ड को डिजिटल टोकन के रूप में जारी करने, रखने और सेटल करने की सुविधा होगी। डिमैट 2.0 का मकसद कॉरपोरेट बॉन्ड से जुड़े पूरे लेनदेन को नई तकनीक की मदद से ज्यादा तेज और आसान बनाना है। इस पहल का ऐलान 11 सितंबर को सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडे और भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने किया।

डिजिटल टोकन के रूप में बॉन्ड

“डिमैट 2.0” के पायलट में बॉन्ड को डिस्ट्रिब्यूटेड लेजर टेक्नोलॉजी यानी डीएलटी पर डिजिटल टोकन के तौर पर बनाया जाएगा। वहीं, लेनदेन में पैसों के भुगतान के लिए आरबीआई की होलसेल सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी यानी डिजिटल रुपया का इस्तेमाल किया जाएगा। खास बात यह है कि बॉन्ड को टोकन में बदलने से उसकी कानूनी पहचान में कोई बदलाव नहीं होगा। बॉन्ड का आईएसआईएन, कूपन, मैच्योरिटी, रेटिंग, नियम-शर्तें और निवेशकों के अधिकार पहले की तरह ही बने रहेंगे।

सामान्य डिमैट से क्या अलग होगा?

अभी सामान्य डिमैट सिस्टम में सिक्योरिटीज की ओनरशिप एक पारंपरिक डेटाबेस में दर्ज होती है। वहीं, डिमैट 2.0 में कॉरपोरेट बॉन्ड को सीधे डिजिटल टोकन के रूप में नेटवर्क पर बनाया जाएगा। सेबी के मुताबिक डिमैट 2.0 कॉरपोरेट बॉन्ड से जुड़े पूरे लेनदेन को तेज और आसान बनाने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल करेगा।