अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद में नीतीश की एंट्री, ललन सिंह से मुलाकात के बाद क्या हुआ?

  • October 5, 2026
  • 0
  • 23 Views
अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद को लेकर नीतीश कुमार और ललन सिंह की मुलाकात

अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद अब नीतीश कुमार तक पहुंचा

क्या बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोकामा विधायक अनंत सिंह और पार्टी के एमएलसी नीरज कुमार के बीच छिड़ी जंग पर अंतिम फैसला लेंगे? क्या संजय झा और ललन सिंह के बाद नीतीश कुमार इन दोनों नेताओं का विवाद खत्म कर देंगे? और क्या नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की अपील पार्टी के लिए सबसे ज्यादा असरदार साबित होगी?

बिहार में MLC चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है। जदयू एमएलसी नीरज कुमार और मोकामा से पार्टी के विधायक अनंत सिंह के बीच का विवाद अब नीतीश कुमार तक पहुंच गया है। इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के घर पहुंचे। सोमवार को नीतीश कुमार और ललन सिंह के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। यह बातचीत बहुत ही अहम मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद पर चर्चा की। हालांकि, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।

पार्टी के अंदर विवाद सुलझाने की कोशिश तेज

दरअसल, बिहार की राजधानी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और जदयू विधायक अनंत सिंह के बीच सामने आए विवाद को लेकर पार्टी के भीतर इसे सुलझाने की कवायद तेज हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि ऐसे मामलों का फैसला पार्टी के बड़े नेता आपस में बैठकर करते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को देखने की जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को दी गई है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी में जब इस तरह की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसका फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता मिलकर तय करते हैं। नीरज कुमार और अनंत सिंह के मामले को देखने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा हैं। उन्होंने मीडिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से इस प्रक्रिया पर भरोसा रखने और थोड़ा इंतजार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी नेता के जिम्मे यह काम दिया गया है, तो थोड़ा इंतजार कीजिए। इंतजार करने के बाद सही बात सबके सामने आ जाएगी।

नीतीश कुमार और ललन सिंह के बीच हुई अहम चर्चा

अब इसी मामले को लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार और ललन सिंह के बीच चर्चा हुई। उम्मीद की जा रही है कि वहीं से इस मामले में अंतिम निर्णय होगा। दरअसल, मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पटना ग्रेजुएट की MLC सीट को लेकर विवाद चल रहा है। मौजूदा JDU MLC नीरज कुमार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन मामला तब गरमाया जब मोकामा विधायक और बाहुबली अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह का समर्थन किया।

हालांकि नीरज कुमार और अनंत सिंह की यह दुश्मनी कोई नई बात नहीं है। दोनों नेता कई सालों से सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे का विरोध करते आए हैं। खास बात तो ये है कि दोनों ही पटना ग्रामीण के मोकामा इलाके से आते हैं। 2019 में लदमा स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास से AK-47 राइफल और हैंड ग्रेनेड बरामद होने के बाद यह विवाद और ज्यादा गहरा गया। दरअसल, उस दौरान बाहुबली अनंत सिंह ने आरोप लगाया था कि उन्हें एक राजनीतिक साजिश के तहत निशाना बनाया गया है।

AK-47 बरामदगी के बाद और गहरी हुई दोनों नेताओं की रंजिश

अनंत सिंह ने नीरज कुमार को इसमें शामिल होने का आरोप लगाया था। हालांकि, नीरज कुमार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया, लेकिन तब से ही दोनों की यह रंजिश और गहरा गई। हाल ही में अनंत सिंह ने अपने इन आरोपों को दोहराया है और नीरज कुमार का नार्को-एनालिसिस टेस्ट कराने की मांग की है। वहीं नीरज कुमार ने इन दावों को सख्ती से खारिज करते हुए अनंत सिंह की आलोचना की और अपने अपराधी छवि का व्यक्ति बताया।

इस पूरे विवाद के बीच अब पार्टी के भीतर इसे सुलझाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। पहले इस मामले को लेकर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की भूमिका सामने आई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को भी विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी दिए जाने की बात सामने आई। अब नीतीश कुमार के ललन सिंह से मिलने के बाद इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है।

निशांत कुमार भी नीरज कुमार के समर्थन में उतरे

दूसरी ओर जदयू के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत तय करने के लिए अब नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार के मंत्री निशांत कुमार भी मैदान में उतर आए हैं। निशांत कुमार ने बिहार एमएलसी चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों की जीत को लेकर पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। निशांत कुमार ने बैठक समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि MLC चुनाव में नीरज कुमार की स्थिति मजबूत है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता-कार्यकर्ता नीरज कुमार की जीत को लेकर समर्थन जुटाने में लगे हैं। निशांत कुमार ने कहा कि नीरज कुमार जदयू के मजबूत उम्मीदवार हैं। पार्टी के सभी लोग उन्हें सहयोग कर रहे हैं। बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बहुत काम किया है, जिसे सभी लोगों ने देखा है। उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तरीके की स्थिति 2005 से पहले थी, उसके बारे में सभी को जानकारी है। लेकिन आज बिहार बदल गया है।

अनंत सिंह के तेवर बरकरार, निशांत ने विवाद पर नहीं दिया जवाब

हालांकि निशांत कुमार से जब अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पूरे मामले पर कुछ नहीं कहा। लेकिन दूसरी तरफ अनंत सिंह के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। वो लगातार जन सुराज के प्रत्याशी के समर्थन में जुटे हुए हैं। इस बीच जदयू के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार के नामांकन से ठीक पहले ललन सिंह से मिलने के लिए नीतीश कुमार पहुंचे तो बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है।

करीब 20 मिनट की हुई बातचीत के बाद इस विवाद को सुलझाने की कोशिश तेज होने के संकेत मिले हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का एक बयान वायरल हुआ था, जिसमें अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद को लेकर उन्होंने यह कहा था कि हम कहीं किसी के बीच में नहीं पड़ते हैं। अगर दोनों मिलना चाहें तो हम समझौता करा सकते हैं, लेकिन पंचायती नहीं करेंगे।

ललन सिंह के बयान के बाद नीतीश कुमार की मुलाकात

आपको बता दें कि जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने ही यह बयान दिया था कि इस विवाद को ललन सिंह सुलझाएंगे क्योंकि उनके क्षेत्र का मामला है। जब ललन सिंह ने समझौता कराने से इनकार कर दिया तो आज नीतीश कुमार खुद ललन सिंह से मिलने उनके घर पहुंचे। इस मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में इस विवाद को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने बिहार विधान परिषद के ग्रेजुएट और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना की तारीख तय की है। ऐसे में MLC चुनाव से पहले जदयू के दो नेताओं के बीच जारी विवाद पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मुद्दा बना हुआ है। एक तरफ नीरज कुमार जदयू के अधिकृत प्रत्याशी हैं, वहीं दूसरी तरफ अनंत सिंह उनके खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह का समर्थन कर रहे हैं।

क्या नीतीश कुमार निकालेंगे विवाद का रास्ता?

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल है कि अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर क्या कोई रास्ता निकलेगा? क्या नितीश कुमार का फैसला जदयू में मचे घमासान को शांत कर देगा? और क्या निशांत कुमार की अपील अनंत सिंह पर भारी पड़ जाएगी? नीतीश कुमार और ललन सिंह के बीच हुई करीब 20 मिनट की बातचीत के बाद इस मामले में आगे क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। वहीं अनंत सिंह लगातार जन सुराज के प्रत्याशी के समर्थन में जुटे हुए हैं और नीरज कुमार जदयू के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में हैं। 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना के साथ इस MLC चुनाव की तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल पार्टी के भीतर विवाद को लेकर बातचीत और समाधान की कोशिशों का दौर जारी है।