त्योहारी सीजन से पहले बंपर नौकरियां
त्योहारी सीजन से पहले बंपर नौकरियां पैदा हुई हैं। दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने त्योहारी खरीदारी शुरू होने से पहले करीब 2.5 लाख से ज्यादा लोगों के लिए प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार के मौके पैदा किए हैं। इनमें गिग वर्कर्स के लिए उपलब्ध मौके भी शामिल हैं। वॉलमार्ट के मालिकाना हक वाली ई-कॉमर्स कंपनी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि इनमें से करीब 75,000 मौके उन लोगों के लिए हैं, जो पहली बार काम की दुनिया में कदम रख रहे हैं। यह कुल नए रोजगार का करीब 30 फीसदी है। कंपनी का कहना है कि इससे देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को रोजगार से जुड़ने का मौका मिलेगा।
7,000 से ज्यादा केंद्रों पर अवसर
ये रोजगार फ्लिपकार्ट की लॉजिस्टिक्स यूनिट ईकार्ट के देशभर में फैले 7,000 से ज्यादा सेंटर्स पर उपलब्ध होंगे। इनमें सामान रखने वाले केंद्र, छंटाई केंद्र और ग्राहकों के घर तक सामान पहुंचाने वाले काम शामिल हैं। फ्लिपकार्ट ने त्योहारी सीजन के लिए 900 से ज्यादा नए डिलीवरी केंद्र बनाए हैं।
कंपनी ने ग्राहकों के घर तक सामान पहुंचाने से जुड़े करीब 1.4 लाख अतिरिक्त रोजगार के मौके भी पैदा किए हैं। इस बार तैयार हुए कुल नए रोजगार में करीब 60 फीसदी हिस्सेदारी आखिरी छोर तक सामान पहुंचाने वाले काम की है। फ्लिपकार्ट मिनट्स के विस्तार और टियर-2 और टियर-3 शहरों में बढ़ती मांग के कारण इस क्षेत्र में ज्यादा लोगों की जरूरत पड़ रही है।


