एक महीने में आधी रह गई बाजार हिस्सेदारी, अगस्त के 1.2% से घटकर 0.6% पर आई
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने लगातार फ्लाइट कैंसिल होने, देरी और ऑपरेशनल गड़बड़ियों को लेकर स्पाइसजेट को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस सख्त नोटिस में एयरलाइन से 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। डीजीसीए के मुताबिक, कंपनी की समय पर उड़ान संचालन की स्थिति लगातार खराब हो रही है, जिसके कारण आम यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, साथ ही एयरलाइन तय शेड्यूल का पालन करने और यात्रियों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं देने में भी पूरी तरह नाकाम रही है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो स्पाइसजेट की घरेलू बाजार हिस्सेदारी सितंबर में घटकर महज 0.6 प्रतिशत रह गई, जबकि अगस्त में यह 1.2 प्रतिशत थी—यानी एक ही महीने में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी आधी हो गई। गौरतलब है कि नोटिस जारी होने के अगले ही दिन 18 नवंबर को कंपनी के बोर्ड ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। बहरहाल, स्पाइसजेट डीजीसीए कारण बताओ नोटिस के बाद एयरलाइन पर अपनी सेवाओं में तत्काल सुधार करने का भारी दबाव है।


