भोपाल। राजा भोज विमानतल पर रविवार को एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली उड़ान एआई 1886 में यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। निर्धारित समय पर बोर्डिंग पूरी होने के बाद भी विमान ने उड़ान नहीं भरी। बताया जा रहा है कि विमान करीब 45 मिनट तक रनवे के किनारे खड़ा रहा। इससे यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। सुबह 8:25 बजे रवाना होने वाली उड़ान ने लगभग 9:10 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
विमान में सवार यात्रियों के अनुसार, उड़ान में देरी के दौरान उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। बोर्डिंग पूरी होने के बाद भी विमान के अंदर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। काफी देर तक इंतजार के बाद यात्रियों ने नाराजगी जताई। यात्रियों के अनुसार, उड़ान में देरी के दौरान उन्हें यह स्पष्ट नहीं बताया गया कि विमान कब रवाना होगा। समय पर बोर्डिंग होने के बावजूद उड़ान निर्धारित समय पर नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिवराज सिंह चौहान की बोर्डिंग सबसे आखिर में हुई
एयर इंडिया फ्लाइट में देरी के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बोर्डिंग सबसे आखिर में हुई। इस दौरान उनके काफिले के लालघाटी से वापस बंगले की ओर लौटने की भी जानकारी सामने आई। समय पर बोर्डिंग के बावजूद विमान के निर्धारित समय पर रवाना नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के ओएसडी का कहना है कि शिवराज जी समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे और विमान किसी दूसरे कारण से लेट हुआ है। विमान में सवार होने के करीब 20 मिनट बाद विमान भोपाल से टेक ऑफ हुआ।


