शिवराज के बेटे कार्तिकेय की खेलों में एंट्री, निर्विरोध अध्यक्ष बने

  • October 13, 2026
  • 0
  • 3 Views
मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष चुने जाने के बाद कार्तिकेय सिंह चौहान

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की चुनावी राजनीति से पहले खेल प्रशासन में एंट्री हो गई है। कार्तिकेय मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। रविवार को भोपाल में हुए चुनाव में उन्हें 2026-2030 के कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव में प्रदेश के 33 जिला संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अध्यक्ष बनने के बाद कार्तिकेय सिंह चौहान ने प्रदेश में वॉलीबॉल के विकास के लिए मध्य प्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप जल्द तैयार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए रोडमैप बनाया जाएगा। नई प्रतिभाओं को अवसर देने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और जिला संघों को आर्थिक सहायता देने पर भी काम किया जाएगा।

नई कार्यकारिणी का गठन

चुनाव अधिकारी एडवोकेट दिलीप मालवीय ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई। नई कार्यकारिणी में अनवर खान वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विधायक आशीष शर्मा और राम पांडे उपाध्यक्ष, सतीश जोशी महासचिव और विशाल शर्मा कोषाध्यक्ष चुने गए। डीआर सिंह और राजेश शुक्ला संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। कार्यकारिणी सदस्यों में आशीष सिंह, भूपेंद्र कांत, राजेंद्र चतुर्वेदी, मेरिट खिलाड़ी श्वेता शर्मा और रीवा के कृष्णानंद शामिल हैं। बैठक में विभिन्न आयु वर्गों की राज्य स्तरीय चैंपियनशिप कराने की स्वीकृति भी दी गई।

प्रदेश के हर जिले में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने की तैयारी

कार्तिकेय सिंह चौहान ने प्रदेश में वॉलीबॉल के समग्र विकास के लिए मध्य प्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप जल्द जारी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में इस खेल को बढ़ावा देने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। कार्तिकेय ने संघ के पदाधिकारियों, जिला संघों के प्रतिनिधियों और सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि वे उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य वॉलीबॉल को प्रदेश के हर गांव और युवा तक पहुंचाना है।