क्रिकेट, इश्क, सियासत और जेल तक पहुंची इमरान खान की कहानी
कभी क्रिकेट के मैदान पर तूफान…तो कभी बॉलीवुड की हसीनाओं के साथ कथित इश्क के चर्चे…फिर पाकिस्तान की सियासत में एंट्री…और 1992 में वर्ल्ड कप जीतकर हीरो से लीडर बनने का सफर…एक दौर था… जब इमरान खान का नाम पाकिस्तान की सियासत से ज्यादा बॉलीवुड की एक हसीना के साथ इश्क की चर्चाओं में गूंजता था। कहा जाता है, इस रिश्ते ने सरहदों के पार तक सुर्खियां बटोरीं… लेकिन वक्त ने ऐसी करवट ली कि वही इमरान खान आज अडियाला जेल की सलाखों के पीछे हैं।
जिस शख्स की जिंदगी कभी शोहरत, सियासत और मोहब्बत के किस्सों से भरी थी… आज उसकी कहानी में जेल, मुकदमे और सियासी तूफान है। आखिर बॉलीवुड की उस हसीना से इमरान का क्या रिश्ता था? और कैसे इश्क से शुरू हुई कहानी सत्ता के शिखर से होती हुई जेल की दीवारों तक पहुंच गई? इस पूरी कहानी के राज़ आपको हैरान कर देगी!
19 साल की उम्र में शुरू हुआ क्रिकेट का सफर
दरअसल पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही है। क्रिकेट के मैदान पर खतरनाक तेज गेंदबाज, मैदान के बाहर ग्लैमर और नाइट क्लबों की चर्चाओं में रहने वाला स्टार, बॉलीवुड की एक हसीना से कथित रिश्ते को लेकर सुर्खियों में आया शख्स, फिर 1992 में पाकिस्तान को वर्ल्ड कप जिताने वाला कप्तान और उसके बाद देश का प्रधानमंत्री… आज वही इमरान खान जेल की चहारदीवारी में हैं।
21 अगस्त 2026 को इमरान खान को इस्लामाबाद के एक अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद ‘मेडिकली फिट’ घोषित किया और उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। बता दें कि इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और उनके खिलाफ 100 से ज्यादा मामले चल रहे हैं। इमरान इन मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते रहे हैं। लेकिन इमरान खान की कहानी को समझने के लिए करीब पांच दशक पीछे जाना होगा, जब वह सिर्फ 19 साल के युवा तेज गेंदबाज थे।
एजबेस्टन से शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर
दरअसल क्रिकेटिंग परिवार से आने वाले इमरान खान ने लाहौर के ऐचिसन कॉलेज में पढ़ाई की और बाद में ऑक्सफोर्ड से डिग्री हासिल की। उनके चचेरे भाई जावेद बर्की और माजिद खान पाकिस्तान की कप्तानी कर चुके थे।
1971 में 19 साल की उम्र में इमरान ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में टेस्ट डेब्यू किया। हालांकि शुरुआत शानदार नहीं रही और उन्हें इसके बाद टीम से बाहर कर दिया गया। करीब तीन साल बाद 1974 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट से वापसी की। इसके बाद इमरान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। कप्तान मुश्ताक मोहम्मद और साथी तेज गेंदबाज सरफराज नवाज के मार्गदर्शन में उनकी गेंदबाजी में धार आती गई और वह पाकिस्तान के प्रमुख तेज गेंदबाज बन गए।
क्रिकेट के साथ ग्लैमर की दुनिया में भी छाने लगे इमरान
1970 के दशक के आखिर तक इमरान खान की जिंदगी क्रिकेट से बाहर भी अखबारों की खबर बनने लगी थी। ब्रिटिश मीडिया में उनकी नाइटलाइफ और महिलाओं से जुड़े किस्से छपते थे। पाकिस्तान टीम जिन शहरों में जाती, वहां नाइट क्लबों में इमरान की मौजूदगी की खबरें भी आतीं। भारत दौरे पर उनकी यही ग्लैमरस छवि और ज्यादा चर्चा में आई। 1979 में पाकिस्तान की टीम भारत आई तो भारतीय अखबारों ने पहली बार इमरान को ‘प्लेबॉय’ के तौर पर पेश करना शुरू किया। इसी दौरे में उनका नाम बॉलीवुड की उस दौर की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में शामिल जीनत अमान से जोड़ा गया।
जीनत अमान के साथ कथित रिश्ते की चर्चाओं ने बटोरी सुर्खियां
दरअसल जीनत अमान उस दौर में बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय और ग्लैमरस अभिनेत्रियों में थीं। इमरान के साथ उनकी नजदीकियों की खबरें सामने आईं तो भारत और पाकिस्तान दोनों जगह इसकी चर्चा होने लगी। इमरान ने बेंगलुरु में टीम के साथ अपना 27 वां जन्मदिन मनाया। इसी दौरान कुछ भारतीय अखबारों ने दावा किया कि उन्हें जीनत अमान के साथ देखा गया था। इसके बाद मामला सिर्फ बॉलीवुड की खबर नहीं रहा।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का प्रदर्शन खराब रहा। इमरान भी पूरी तरह फिट नहीं थे। दूसरे टेस्ट में पीठ में खिंचाव के कारण वह दूसरी पारी में एक ओवर से ज्यादा गेंदबाजी नहीं कर सके। पाकिस्तान के रूढ़िवादी उर्दू मीडिया के एक हिस्से ने इमरान की चोट और टीम के खराब प्रदर्शन को जीनत अमान से जोड़ दिया। यहां तक कि पाकिस्तान की हार का जिम्मेदार भी जीनत को ठहराने जैसी खबरें सामने आईं। यानी एक कथित अफेयर ने क्रिकेट की हार का रंग भी बदल दिया।
इमरान-जीनत की कहानी को लेकर अहम बात
हालांकि इस पूरे मामले में एक अहम बात याद रखना जरूरी है। वर्षों बाद जब लेखिका शोभा डे ने जीनत अमान से इस रिश्ते के बारे में पूछा तो उन्होंने इसे गंभीर रिश्ता नहीं बताया। उन्होंने इमरान के व्यवहार को लेकर भी अपनी नाखुशी जाहिर की थी। इसलिए इमरान-जीनत की कहानी को एक स्थापित प्रेम कहानी की बजाय उस दौर में सामने आई रिश्ते की चर्चाओं और मीडिया रिपोर्टों के रूप में देखना ज्यादा सही है।
1992 वर्ल्ड कप ने बदल दी इमरान की पहचान
दरअसल 1979 वाला इमरान सिर्फ एक युवा तेज गेंदबाज और ग्लैमर स्टार था। अगले दशक में वही खिलाड़ी पाकिस्तान क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत बनने वाला था। इमरान ने पाकिस्तान की कप्तानी संभाली और टीम को एक नई पहचान दी। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 का वनडे विश्व कप जीता। मेलबर्न के फाइनल में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को हराया और इमरान ने अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की। जिस इमरान के बारे में कभी नाइट क्लबों और निजी जिंदगी की खबरें छपती थीं, वही अब पाकिस्तान के सबसे बड़े खेल नायकों में शामिल हो चुका था।
क्रिकेट से राजनीति तक पहुंचे इमरान खान
वही 1992 के विश्व कप के बाद इमरान ने धीरे-धीरे राजनीति की तरफ रुख किया। 1996 में उन्होंने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी PTI की स्थापना की। राजनीति में उनका सफर आसान नहीं था। लंबे समय तक उनकी पार्टी सत्ता से दूर रही। लेकिन इमरान पीछे नहीं हटे। 2018 में वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने यानी जिस शख्स को कभी विदेशी मीडिया उसके ग्लैमरस जीवन के लिए पहचानता था, वही अब पाकिस्तान की सत्ता के सबसे ऊंचे पद पर बैठ चुका था।
प्रधानमंत्री से अडियाला जेल तक पहुंचा सफर
गौरतलब है कि 21 अगस्त 2026 को इमरान खान की जिंदगी का एक और अध्याय सामने आया। इस्लामाबाद के अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें फिट घोषित किया और उन्हें वापस जेल भेज दिया गया।
करीब पांच दशक की इमरान खान की जिंदगी को देखें तो तस्वीरें लगातार बदलती दिखाई देती हैं। 19 साल का युवा तेज गेंदबाज…ऑस्ट्रेलिया में 12 विकेट लेकर छा जाने वाला क्रिकेटर…नाइट क्लबों और ग्लैमर की खबरों में रहने वाला स्टार…जीनत अमान से जुड़े रिश्ते की चर्चाओं से भारत-पाकिस्तान में सुर्खियां बटोरने वाला इमरान…1992 में विश्व कप की ट्रॉफी उठाने वाला कप्तान…पाकिस्तान का प्रधानमंत्री…और अब अडियाला जेल का कैदी।
इमरान खान की जिंदगी बनी फिल्मी पटकथा जैसी कहानी
इमरान खान की कहानी इसलिए भी असाधारण है क्योंकि उनकी जिंदगी में क्रिकेट, ग्लैमर, बॉलीवुड, राजनीति और जेल… सब एक ही कहानी में आ गए। जिस शख्स ने कभी पाकिस्तान को क्रिकेट की दुनिया का चैम्पियन बनाया था, आज वही अपने देश की जेल में कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ रहा है। तो बॉलीवुड के ग्लैमर से लेकर क्रिकेट के वर्ल्ड कप तक…प्रधानमंत्री की कुर्सी से लेकर अदियाला जेल तक… इमरान खान की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं। लेकिन इस कहानी का अगला अध्याय क्या होगा—क्या इमरान खान फिर पाकिस्तान की सियासत में वापसी करेंगे? या उनकी राजनीतिक पारी का सबसे बड़ा अध्याय जेल की सलाखों के पीछे ही खत्म होगा?


