Imran Khan Death News: इमरान खान की जेल में मौत का दावा, क्या है सच?

  • August 12, 2026
  • 0
  • 5 Views
जेल में बंद इमरान खान की मौत के दावे से जुड़ी खबर

इमरान खान की जेल में मौत की खबर से पाकिस्तान में हलचल

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी PTI के संस्थापक इमरान खान की जेल में मौत की खबर ने पूरे देश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। पाकिस्तानी पत्रकार के एक दावे के बाद इमरान की सेहत और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

इमरान की सेहत को लेकर पहले से चिंता

दरअसल रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता जताई जा रही है। इमरान खान की पार्टी और उनके परिजनों ने आरोप लगाए हैं कि इमरान खान को हिरासत में रहते हुए जान का खतरा है। इमरान खान की बहन उजमा खान ने कहा है कि उनके भाई ने उन्हें साफ तौर पर चेतावनी दी थी कि अगर जेल में उन पर जानलेवा हमला होता है तो पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।

आपको बता दें कि 73 वर्षीय इमरान खान साल 2023 से पाकिस्तान की अदियाला जेल में बंद हैं। उनकी पार्टी PTI बार-बार आरोप लगा रही है कि उन्हें इमरान खान से मिलने नहीं दिया जा रहा है और न ही जेल में इमरान खान को सही चिकित्सा देखभाल मिल रही है, जिससे उनकी हालत दिनों-दिन बिगड़ रही है। पार्टी के नेताओं ने दावा किया है कि जेल में इमरान खान की आंखों की रोशनी बुरी तरह प्रभावित हुई है।

पत्रकार ने किया इमरान की मौत का बड़ा दावा

इधर पाकिस्तान के सीनियर पत्रकार वजाहत एस. खान ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत हो चुकी है। उन्होंने यह दावा पाकिस्तानी सरकार और सेना में मौजूद सूत्रों के हवाले से किया है। उन्होंने कहा कि इमरान खान की जेल के अंदर मौत हो चुकी है और इसीलिए उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है।

आपको बता दें कि 73 साल के क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान पर कई मामले चल रहे हैं। वे 2023 से पाकिस्तान की अदियाला जेल में बंद हैं। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी PTI ने बार-बार आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने उन्हें परिवार के सदस्यों और पार्टी के साथियों से मिलने नहीं दिया है और उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए सही इलाज नहीं दिया है। इन स्वास्थ्य समस्याओं में आंखों की एक बीमारी भी शामिल है।

इमरान की सेहत को लेकर PTI का प्रदर्शन

गौरतलब है कि मंगलवार को ही PTI ने इमरान खान की सेहत और उनके लंबित मामलों में देरी को लेकर सुप्रीम कोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

हालांकि, कोर्ट के रजिस्ट्रार द्वारा पार्टी नेताओं को यह भरोसा दिलाए जाने के बाद कि मामलों की सुनवाई अगले हफ्ते तय की जाएगी, उन्होंने प्रदर्शन वापस ले लिया। पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार से संपर्क कर इमरान के मामलों की जल्द सुनवाई और उनके परिवार के सदस्यों और निजी डॉक्टरों से उन्हें मिलने की इजाजत देने की मांग की।

PTI नेता ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

वहीं इमरान खान की पार्टी के नेता और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहैल अफरीदी ने चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को जेल से रिहा नहीं किया जाता है तो हालात ऐसे मोड़ पर पहुंच सकते हैं, जहां इमरान खान के शांति की अपील करने के बावजूद शांति कायम नहीं हो सकेगी। सोहैल अफरीदी ने चेताया कि, “वे युवा लोगों की आंखों में क्रांति की ज्वाला देख रहे हैं और अगर इसे अभी नियंत्रित नहीं किया गया तो फिर इसे कोई नहीं रोक पाएगा।”

परिवार और निजी डॉक्टरों से मुलाकात को लेकर विवाद

दरअसल इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि उनके परिवार, पार्टी नेताओं, वकीलों और निजी डॉक्टरों की उनसे मुलाकात को लेकर लगातार विवाद रहा है।

PTI पहले भी इमरान को अलग-थलग रखे जाने और उनके इलाज को लेकर सवाल उठाती रही है। जून में पार्टी ने उन्हें अस्पताल भेजने, नियमित मुलाकात की अनुमति देने और निजी डॉक्टरों से जांच कराने की मांग की थी। मई में भी इमरान की बहनों और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी को अदियाला जेल पहुंचने से रोका गया था। इसको लेकर PTI ने विरोध प्रदर्शन किया था।

20 लाख लोगों के सड़क पर उतरने का दावा

इमरान खान की स्थिति को लेकर बढ़ती चिंता अब राजनीतिक टकराव का रूप ले रही है। PTI नेता और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने दावा किया है कि पार्टी के 20 लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं।

पार्टी ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक लॉन्ग मार्च का ऐलान भी किया है।

इमरान की मौत की खबर अभी भी अपुष्ट

गौरतलब है कि इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और कई मामलों में सजा काट रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद से उनका सैन्य प्रतिष्ठान के साथ टकराव पाकिस्तान की राजनीति का सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है।

ऐसे में उनकी मौत की अपुष्ट खबर ने राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है। फिलहाल इमरान खान की मौत की कोई पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन परिवार और पार्टी को मुलाकात की अनुमति न मिलने, उनकी सेहत को लेकर पुराने विवादों और पत्रकार के नए दावे ने पाकिस्तान में एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अदियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री की हालत कैसी है।

और क्या सचमुच इमरान खान की मौत हो गई है?