
शिमला: हिमाचल प्रदेश के वीर सपूत सूबेदार मेजर पवन कुमार ने देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त किया। इस दुःखद घटना पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शोक व्यक्त किया है और राज्य सरकार की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार के पिता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की है। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सूबेदार मेजर पवन कुमार का अंतिम संस्कार पूरी राजकीय सम्मान के साथ किया जाए।
सुक्खू ने यह भी कहा कि सुरक्षा को लेकर जो भी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, वे शीघ्र लागू किए जाएंगे। “मिसाइल और ड्रोन के जो टुकड़े मिले हैं, उनके आधार पर अधिकारियों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा की दृष्टि से जो भी निर्णय आवश्यक होंगे, वे पूरी तत्परता के साथ लागू किए जाएंगे।