मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं गैलरी का करेंगे शुभारंभ

  • November 24, 2026
  • 0
  • 3 Views
वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला के तहत पुरातात्विक शोध उपकरणों का दृश्य

10 लाख वर्ष तक पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की वैज्ञानिक आयु का हो सकेगा आकलन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार 23 नवंबर को भोपाल स्थित मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) के विज्ञान भवन में प्रदेश की प्रथम ‘डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला’ एवं ‘डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी’ का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी करेंगे, साथ ही ‘प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना’ विषय पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला भी आयोजित होगी।

विशेषज्ञों के अनुसार, ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला प्रदेश में पुरातात्विक सामग्रियों की वैज्ञानिक रूप से आयु निर्धारण और पुरा-जलवायु (पेलियोक्लाइमेट) अध्ययन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिसके माध्यम से लगभग 10 लाख वर्ष तक पुरानी सामग्रियों की आयु का सटीक आकलन किया जा सकेगा। इस प्रयोगशाला से प्राचीन मानव सभ्यताओं, पर्यावरणीय बदलावों तथा ऐतिहासिक परिस्थितियों के वैज्ञानिक अध्ययन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा, जिससे वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला मध्य प्रदेश को पुरातात्विक शोध का राष्ट्रीय केंद्र बनाएगी।

भीमबेटका शैलाश्रयों के खोजकर्ता डॉ. वाकणकर के शोध को आमजन तक पहुंचाएगी गैलरी

दूसरी ओर, नवनिर्मित डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी में प्रसिद्ध पुरातत्वविद्, चित्रकार एवं इतिहासकार डॉ. वाकणकर के जीवन, शोध एवं ऐतिहासिक योगदान को भव्य रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि विश्व प्रसिद्ध ‘भीमबेटका शैलाश्रयों’ की खोज उनके सबसे महत्वपूर्ण योगदानों में शामिल है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है। इस गैलरी के माध्यम से उनके दुर्लभ शोध और भारतीय पुरातत्व के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को आमजन, विद्यार्थियों और शोधार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। बहरहाल, वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला और गैलरी विज्ञान तथा विरासत के समन्वय की नई मिसाल पेश करेगी।