रोहित शर्मा के 2027 वर्ल्ड कप प्लान परBCCI का बड़ा बयान, ‘हिटमैन’ नहीं अब…

  • July 20, 2026
  • 0
  • 7 Views
भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा मैच के दौरान बल्लेबाजी करते हुए।

रोहित शर्मा का आखिरी वनडे कब? BCCI के बयान के बाद 2027 वर्ल्ड कप पर बढ़े सवाल

रोहित शर्मा के भविष्य पर क्यों छिड़ी नई बहस?

रोहित शर्मा… एक ऐसा नाम जिसने पिछले लगभग 2 दशक से भारतीय क्रिकेट की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है… क्या रोहित शर्मा टीम इंडिया के लिए खेलते रहेंगे? अगर हां, तो आखिर कब तक? BCCI के ताज़ा बयान ने इन सवालों के जवाब देने के बजाय चर्चा और तेज़ कर दी है और हिटमैन के पाले में बॉल डाल दी है। आइए समझते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है।


BCCI के बयान के बाद क्यों बढ़े रोहित शर्मा के भविष्य पर सवाल?

दरसल भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को लेकर इस वक्त जबरदस्त बज बना हुआ है। खबरें इस तरह की आ रही हैं कि लॉर्ड्स में होने वाला भारत बनाम इंग्लैंड का तीसरा मैच हिटमैन का आखिरी वनडे होगा। रोहित शर्मा को लेकर रिपोर्ट में दावा किया गया था कि वो वनडे टीम की भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं. इसके बाद यह चर्चा तेज हो गई कि लॉर्ड्स में खेला गया मुकाबला उनके करियर का आखिरी मैच हो सकता है. हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि लॉर्ड्स को रोहित का विदाई मैच घोषित करने जैसी कोई चर्चा नहीं हुई थी. उन्होंने यह भी कहा कि रोहित तब तक भारत के लिए खेलते रहेंगे जब तक वह टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं। लेकिन बोर्ड के ताजा बयान के बाद भी एक सवाल जस का तस बना हुआ है- क्या रोहित शर्मा 2027 वनडे वर्ल्ड कप की भारत की योजना का हिस्सा हैं?


BCCI के बयान का असली मतलब क्या है?

पहली नजर में सैकिया का बयान रोहित शर्मा के समर्थन में दिखता है, लेकिन गौर करें तो उन्होंने कहीं भी यह नहीं कहा कि रोहित अगली वनडे सीरीज खेलेंगे. उन्होंने यह भी नहीं कहा कि 2027 विश्व कप की टीम में रोहित की जगह तय है या वह अब भी भारत के पहले पसंदीदा ओपनर हैं. यानी बीसीसीआई ने सिर्फ यह साफ किया कि रोहित को विदाई नहीं दी गई है. लेकिन यह नहीं बताया कि उनका अगला पड़ाव क्या होगा। भारतीय क्रिकेट में ‘स्कीम ऑफ थिंग्स’ कोई नया शब्द नहीं है. जब किसी बड़े खिलाड़ी के भविष्य पर सीधा जवाब देने से बचना होता है, तब अक्सर इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाता है. इसका मतलब होता है कि खिलाड़ी को आधिकारिक तौर पर बाहर नहीं किया गया है, लेकिन उसके भविष्य की कोई गारंटी भी नहीं दी जा रही. यानी दरवाजा खुला जरूर है, लेकिन उसके भीतर कौन जाएगा, यह चयनकर्ताओं पर निर्भर करता है।


लॉर्ड्स वनडे को लेकर रिपोर्ट में क्या दावा किया गया?

आपको बता दे की भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मैच 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। लॉर्ड्स को क्रिकेट का मक्का भी कहा जाता है। जब भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को दूसरा वनडे चल रहा था, तभी अचानक ये खबर आई कि रोहित का क्रिकेट करियर अब खत्म होने वाला है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस सीरीज के बाद सिलेक्टर आगे की सोचना चाहते हैं। रोहित शर्मा ने पिछले दिनों अपनी फिटनेस पर भी काफी काम किया है, लेकिन उनके बल्ले से रन नहीं बन रहे हैं, ये बड़ी टेंशन की बात है। अब सिलेक्टर्स ने गेंद रोहित की पाले में डाल दी है कि वे क्या फैसला करते हैं।


2027 वर्ल्ड कप तक रोहित शर्मा का सफर कितना आसान होगा?

दरसअल रोहित शर्मा की कप्तानी में ही टीम इंडिया साल 2025 का आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था, लेकिन इसके बाद जब अगली सीरीज हुई तो उन्हें कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को ये जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। तभी से इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि अब रोहित के लिए अगला वनडे विश्व कप खेल पाना आसान नहीं होगा, जबकि रोहित पहले ही इस बात की मंशा जता चुके हैं कि वे वनडे विश्व कप ना केवल खेलना चाहते हैं, बल्कि उसे जीतना भी चाहते हैं। शायद उनके लिए विश्व कप की ट्रॉफी काफी मायने रखती है।


रोहित शर्मा के भविष्य पर अब फैसला कैसे होगा?

फिलहाल बीसीसीआई ने इतना जरूर स्पष्ट कर दिया है कि रोहित शर्मा का करियर लॉर्ड्स में खत्म नहीं हुआ. लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि वह 2027 विश्व कप तक भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगे. तो इसका मतलब है की रोहित की कहानी का अगला अध्याय किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस या बयान से नहीं, बल्कि अगली वनडे टीम के ऐलान से लिखा जाएगा। गौरतलब है की आईसीसी का अगला विश्व कप अगले साल 2027 में खेला जाएगा। जिसका अभी शेड्यूल तो नहीं आया है, लेकिन उम्मीद है कि ये अक्टूबर से लेकर नवंबर तक खेला जाएगा। इसका मतलब ये है कि इसमें अभी करीब डेढ़ साल का वक्त है। तब तक रोहित की उम्र भी काफी हो जाएगी। हालांकि ऐसा लगता है कि रोहित ने अभी हार नहीं मानी है। लेकिन अगर रन नहीं बनेंगे तो फिर रोहित किस आधार पर टीम में बने रहेंगे, ये भी बड़ा सवाल है। फिलहाल तस्वीर बिल्कुल साफ नहीं है। रोहित शर्मा ने संन्यास का ऐलान नहीं किया है… BCCI ने भी उनके भविष्य पर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। लेकिन इतना तय है कि आने वाली वनडे सीरीज़ और बड़े टूर्नामेंट ही यह तय करेंगे कि रोहित शर्मा टीम इंडिया की जर्सी में कितने समय तक और दिखाई देंगे। क्या हिटमैन 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक अपने सपने का पीछा करेंगे… या भारतीय क्रिकेट नई पीढ़ी को पूरी तरह जिम्मेदारी सौंप देगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *