राहुल गांधी पैलेट गन मामले में बड़ा ऐलान, साहिल लोचब के लिए FIR की मांग

  • August 21, 2026
  • 0
  • 2 Views
राहुल गांधी घायल छात्र साहिल लोचव के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे

राहुल गांधी घायल छात्र साहिल लोचव के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। जानिए जंतर-मंतर प्रदर्शन, पैलेट गन के आरोप, दिल्ली पुलिस के बयान और जांच से जुड़ी पूरी जानकारी।

राहुल गांधी घायल छात्र साहिल के साथ पहुंचे थाने

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार (21 अगस्त) को नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी पैलेट गन से पीड़ित छात्र साहिल लोचव के साथ थाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले में चल रही जांच की जानकारी लेने के लिए डीसीपी ऑफिस पहुंचे। दरअसल 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई में साहिल लोचव के घायल होने का मामला राहुल गांधी पहले भी उठा चुके हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया था कि प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में पैलेट यानी छर्रों का इस्तेमाल हुआ, जिससे साहिल की आंख को गंभीर नुकसान पहुंचा।

राहुल गांधी पहले भी उठा चुके हैं पैलेट गन का मुद्दा

राहुल गांधी ने पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साहिल को मीडिया के सामने पेश करते हुए घटना पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और उनके हाथ में तिरंगा था। कांग्रेस नेता ने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी यह जानना चाहते हैं कि पैलेट गन मामले में चल रही जांच कहां तक पहुंची है। यहां पर उन्होंने डीसीपी से मुलाकात की, जिसके बाद वह थाने से निकले। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि राहुल गांधी पैलेट गन के इस्तेमाल पर FIR कराने गए थे।

थाने के बाहर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

मीडिया रिपोर्ट में घायलों के बयानों और मेडिकल रिकॉर्ड का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि 20 जुलाई के मार्च के दौरान कई प्रदर्शनकारी पैलेट गन से घायल हुए थे। रिपोर्ट्स में दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल की बात कही जा रही है, जबकि दिल्ली पुलिस ने इस तरह के हथियार के इस्तेमाल से इनकार किया और कहा कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उनके पास न तो पैलेट गन हैं और न ही वे इनका इस्तेमाल करते हैं। हालांकि इसके बाद भी जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

ज्वाइंट सीपी से मिले राहुल गांधी, बाहर आकर धरने पर बैठे

इधर राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट सीपी नुपुर प्रसाद से मुलाकात की है। उन्हें चार्ज संभाले अभी एक-दो दिन ही हुए हैं। मुलाकात के बाद राहुल गांधी बाहर आए और यहां पहुंचने के बाद अचानक धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद दिखे। जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी अंदर अपने साथ कई शिकायतें लेकर पहुंचे थे और इन शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन पुलिस की तरफ से फिलहाल तुरंत कोई फैसला नहीं लिया गया। शायद यही वजह है कि बाहर निकलते ही राहुल गांधी धरने पर बैठ गए।

कौन हैं घायल छात्र साहिल लोचव?

दरअसल साहिल लोचव दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के रहने वाले और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र बताए जाते हैं। वह पढ़ाई के साथ परिवार की आर्थिक मदद के लिए पार्ट-टाइम कार चलाने का काम भी करते हैं। बताया जाता है कि साहिल कर्मचारी चयन आयोग की दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। साहिल का कहना है कि वह परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुए थे। 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर आयोजित संसद मार्च के दौरान हुई कार्रवाई में उन्हें चोट लगी और उन पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया।

कांग्रेस ने उठाए पुलिस कार्रवाई पर सवाल

इस घटना के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल छात्रों की सुरक्षा और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर भी चिंता जताई थी। कांग्रेस का कहना है कि परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर छात्रों की शिकायतों का समाधान बातचीत और निष्पक्ष जांच के जरिए किया जाना चाहिए।

पार्टी ने पुलिस कार्रवाई में घायल छात्रों के मामले की स्वतंत्र जांच की मांग भी उठाई है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने घटना के बाद अपने आधिकारिक बयान में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैलेट गन या छर्रों के इस्तेमाल के आरोपों से इनकार किया था। पुलिस का कहना था कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया गया।

जांच के नतीजों पर टिकी निगाहें

हालांकि, अभी तक जांच के नतीजे या पुलिस की तरफ से हुई किसी ठोस कार्रवाई का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है। यह साफ है कि राहुल गांधी इस मामले को लेकर गंभीर हैं और वह जांच पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल इस मामले में आगे क्या होता है, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

पुलिस की तरफ से जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में आगे की तस्वीर साफ हो पाएगी। अब राहुल गांधी के घायल छात्र को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक और कानूनी चर्चा के केंद्र में आ गया है। शिकायत के आधार पर आगे की जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि साहिल को लगी चोट किस वजह से हुई और प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों ने किस प्रकार की कार्रवाई की थी।