कंगना रनौत: बॉलीवुड की बेबाक क्वीन से कंट्रोवर्सी क्वीन तक की कहानी
भारतीय सिनेमा की फिल्मों में लीड एक्टर के कंधों पर फिल्म को हिट कराने की जिम्मेदारी होती है। लेकिन कुछ एक्ट्रेसेस ने इस बात को गलत साबित किया और खुद के दम पर फिल्मों को हिट कराया है। वैसे तो इस लिस्ट में कई एक्ट्रेसेस का नाम शामिल है, लेकिन हम यहां बात बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत की करने जा रहे हैं। कंगना रनौत ऐसी धाकड़ एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने अपने अभिनय के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया, जिसके लिए लोग तरसते हैं।
दरअसल कंगना ने साल 2006 में बॉलीवुड में फिल्म ‘गैंगस्टर’ से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। अपने इस 20 साल के लंबे करियर में उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। इनमें से कुछ हिट साबित हुईं तो कुछ फ्लॉप भी रहीं। कंगना अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ अक्सर अपने बेबाक बयानों और टिप्पणियों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। इस वजह से कई बार वो विवादों में भी फंसती रही हैं, मगर हर बार पहले से ज्यादा मजबूत होकर सामने आईं।
कंगना निसंदेह पर्दे पर अपने दमदार और लीक से हटकर अभिनय से बेबाक और मजबूत हैं। साथ ही सार्वजनिक उपस्थिति या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों और घटनाओं पर अपनी टिप्पणियों में भी उतनी ही बेबाक और निडर हैं। वह बिना किसी झिझक के बॉलीवुड की बेबाक रानी हैं। अभिनेत्री के साहसी गुणों की सराहना तो होती ही है, साथ ही यही उन्हें बॉलीवुड के कुछ सबसे बड़े और घिनौने विवादों में भी घसीट चुका है। वह अपने सीधे, साहसी और निडर बयानों के कारण लगातार सुर्खियों में रही हैं।
कंगना रनौत का शुरुआती जीवन और बॉलीवुड तक का सफर
दरअसल कंगना रनौत का जन्म 23 मार्च 1987 को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मनाली के पास भाम्बला में हुआ था। उनके पिता अमरदीप एक व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता आशा एक स्कूल शिक्षिका हैं। राजपूत परिवार से आने वाली कंगना के दादा आईएएस अधिकारी थे। देहरादून से अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद, कंगना ने शिमला के साइंस कॉलेज में पढ़ाई की। इसके अलावा, उन्होंने एलीट स्कूल ऑफ मॉडलिंग में दाखिला लिया और दिल्ली में रंगमंच में भी हाथ आजमाया, जहां वे अरविंद गौर के मार्गदर्शन में स्मिता थिएटर ग्रुप की सदस्य बनीं।
फिल्म ‘क्वीन’ (2014) में कंगना ने संवाद लेखन में योगदान दिया और निर्देशक विकास बहल के सामने अपने किरदार को अपने अनूठे अंदाज में निभाने की इच्छा व्यक्त की। फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके अभिनय की खूब सराहना हुई और उन्हें फिल्मफेयर और राष्ट्रीय पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित समारोहों में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के कई पुरस्कार मिले। फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ (2015) में दत्तो के किरदार की तैयारी के लिए कंगना ने दिल्ली विश्वविद्यालय के परिवेश में घुलमिलकर खुद को किरदार में पूरी तरह ढाल लिया, जिससे उन्हें अपने किरदार के सार को प्रभावी ढंग से पकड़ने में मदद मिली।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर थप्पड़ कांड से फिर सुर्खियों में आईं कंगना
वहीं 6 जून 2024 को चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर ड्यूटी पर तैनात एक महिला सीआईएसएफ अधिकारी ने कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मारा था। सीआईएसएफ कर्मी कुलविंदर कौर, 2020-21 के बीच हुए किसान विरोध प्रदर्शनों पर कंगना के रुख से कथित तौर पर नाराज थीं। वैसे यह कोई पहला मामला नहीं है, जब कंगना विवादों में आई हैं।
कंगना को कई बार विवादों का सामना करना पड़ा है और इसलिए उन्हें कंट्रोवर्सी क्वीन कहा जाता है। अपने बयानों और बेबाक अंदाज की वजह से वह लंबे समय से बॉलीवुड के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी सुर्खियों में बनी रही हैं।
उद्धव ठाकरे से विवाद और कंगना का बेबाक राजनीतिक रुख
दरअसल महाराष्ट्र में जब उद्धव ठाकरे की सरकार थी, तब मुंबई महानगर पालिका ने कंगना के घर के कुछ हिस्से को अवैध बताकर तोड़ दिया था। इस मामले में एक्ट्रेस ने उद्धव ठाकरे पर जमकर भड़ास निकाली थी। उन्होंने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था, ”उद्धव ठाकरे तुझे क्या लगता है तूने फिल्म माफिया के साथ मेरा घर तोड़कर मुझसे बहुत बड़ा बदला लिया है। आज मेरा घर टूटा है कल तेरा घमंड टूटेगा। ये वक्त का पहिया है याद रखना हमेशा एक जैसा नहीं रहता।”
वहीं कंगना रनौत हमेशा से ही भाजपा और पीएम मोदी की समर्थक रही हैं। कुछ सालों पहले उन्होंने कहा था कि भारत को असली आजादी साल 2014 में मिली थी। उन्होंने अपने एक बयान में कहा था कि जब साल 2014 में देश में नरेंद्र मोदी की सरकार आई, देश को असली आजादी तब मिली थी। 1947 में मिली आजादी भीख में मिली थी।
शबाना आजमी से लेकर करण जौहर तक, इन सितारों से हुआ विवाद
इसके अलावा कंगना रनौत बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी से भी पंगा ले चुकी हैं। दरअसल भारत में जब साल 2019 में पुलवामा में आतंकवादी हमला हुआ था, उसी दौरान शबाना आजमी का पाकिस्तान दौरा तय था। इस पर कंगना ने शबाना को लेकर कहा था कि ऐसे लोग ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के साथ खड़े हैं।
वहीं कंगना रनौत बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर कई बार बोल चुकी हैं। उन्होंने बॉलीवुड प्रोड्यूसर और डायरेक्टर करण जौहर को इस मामले पर कई बार घेरा है। एक बार तो एक्ट्रेस ने करण जौहर को उनके शो ‘कॉफी विद करण’ पर ही नेपोटिज्म का फ्लैग बियरर कह दिया था।
जावेद अख्तर से कानूनी विवाद और स्वरा-तापसी पर बयान
इसके साथ ही साल 2020 में कंगना का जाने-माने गीतकार जावेद अख्तर से भी विवाद हो गया था, जिसके बाद जावेद अख्तर ने कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया था। जावेद अख्तर ने नवंबर 2020 में कोर्ट में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कंगना ने एक इंटरव्यू के दौरान उनके खिलाफ अपमानजनक और आधारहीन बयान दिया था, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा था।
इसके साथ ही कंगना बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर और तापसी पन्नू से भी उलझ चुकी हैं। बता दें कि एक इंटरव्यू में कंगना ने इन दोनों एक्ट्रेस को बी-ग्रेड एक्ट्रेस तक कह दिया था। वहीं एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में तापसी पन्नू, ऋचा और स्वरा को लेकर कहा था कि उनके पास अभी तक चुकाने के लिए बिल बाकी है।
पीएम मोदी और पाकिस्तान पर कंगना के बेबाक बयान
वहीं कंगना रनौत का प्रधानमंत्री मोदी जी पर बेबाक बयान भी बहुत पॉपुलर हुआ था। कंगना ने कहा था कि वो प्रधानमंत्री मोदी जी की सफलता की कहानी के कारण उनकी फैन हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी के बारे में कंगना ने कहा, “एक चायवाला आज देश का प्रधानमंत्री है। ये एक आम आदमी की महत्वाकांक्षा ही नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की जीत है।”
इसके अलावा कंगना रनौत का पाकिस्तान पर बेबाक बयान भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलवामा हमले के बाद कंगना रनौत ने पाकिस्तान को लेकर भी बेबाक बयान दिया था। कंगना रनौत ने कहा, “पाकिस्तान पर प्रतिबंध समाधान नहीं है, बल्कि पाकिस्तान का विनाश ही समाधान है।”
कंगना रनौत की सुपरहिट फिल्मों ने बदली बॉलीवुड में पहचान
फिल्मों की बात करें तो साल 2008 में कंगना रनौत की फिल्म ‘फैशन’ आई। इसमें उनका रोल छोटा था क्योंकि लीड रोल में प्रियंका चोपड़ा थीं। लेकिन इस छोटे रोल ने उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड हासिल करवाया था। इसके बाद साल 2011 में फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ आई, जो सुपरहिट हुई।
इसके बाद कंगना ने ‘क्वीन’, ‘कृष 3’, ‘शूट आउट एट वडाला’, ‘तनु वेड्स मनु’, ‘राज: द मिस्ट्री’, ‘वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई’, ‘डबल धमाल’, ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’, ‘मणिकर्णिका’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। इनमें से ‘क्वीन’, ‘मणिकर्णिका’, ‘तनु वेड्स मनु’ और ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ जैसी फिल्मों में कंगना के कारण ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल हुईं।
ऋतिक रोशन से अफेयर और कंगना की निजी जिंदगी
वहीं एक बार रजत शर्मा के शो ‘आपकी अदालत’ में कंगना रनौत ने बताया था कि उनका सीरियस अफेयर बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन से था। हालांकि इस पर ऋतिक ने कोई बात नहीं कही है। उनके बीच कुछ विवाद भी हुआ था, जो मीडिया में खुलकर सामने आया था।
लेकिन बाद में समय के साथ ये बात खत्म हुई और कंगना रनौत उम्र के इस पड़ाव पर भी अकेली हैं, लेकिन वो सिंगल सक्सेसफुल वुमन हैं। कंगना का अपना प्रोडक्शन हाउस है। उन्होंने एक्टिंग के अलावा डायरेक्शन और प्रोडक्शन का काम भी संभाल लिया है।
बॉलीवुड की धाकड़ एक्ट्रेस हैं कंगना रनौत
कंगना रनौत बॉलीवुड की धाकड़ एक्ट्रेस हैं, जो बेबाकी के साथ हर मुद्दे पर बात करती हैं। अपने अभिनय के साथ-साथ विवादों और बेबाक बयानों की वजह से भी उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। यही वजह है कि उनका नाम बॉलीवुड की कंट्रोवर्सी क्वीन के तौर पर भी लिया जाता है।


