यूपी चुनाव 2027: अखिलेश यादव का बड़ा मास्टरस्ट्रोक, मायावती और योगी की बढ़ी टेंशन

  • September 8, 2026
  • 0
  • 1 Views
यूपी चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव और सपा छात्र सभा का नीला ड्रेस कोड

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा ने बदला अपना ड्रेस कोड

उत्तर प्रदेश की सियासत में साल 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए लगातार सियासी सरगर्मी तेज हो रही है। सभी राजनीतिक दल फूंक-फूंक कर कदम रख रही हैं. इसी कड़ी में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने एक मास्टरस्ट्रोक खेला है. अब तक जो सपा लाल टोपी और लाल-हरे गमछे के लिए जानी जाती थी, उसने अपना ड्रेस कोड बदल लिया है. सपा अब केवल लाल टोपी नहीं बल्कि नीली जींस और नीली टी-शर्ट को अपना पहचान बनाने की तैयारी में लगी है।

अखिलेश यादव ने छात्र सभा के लिए तय किया नीला ड्रेस कोड

दरसल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश बढ़ने के साथ ही सपा के तेवर और कलेवर दोनों में बदलाव दिख रहा है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव महानगर और जिला अध्यक्षों की बैठक में लाल रंग की जगह नीले रंग का गमछा गले में डाले नजर आए. अब सपा ने छात्र सभा के नेताओं के लिए नया ड्रेस कोड तय किया है, जो नीले रंग का होगा। अखिलेश यादव ने सपा छात्र सभा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए नीली शर्ट और नीली पैंट या फिर नीली टी-शर्ट और नीली जींस पहनने के दिशा-निर्देश तय किए हैं. अखिलेश के इस कदम की राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है।

दरसल समाजवादी पार्टी के नेता आमतौर पर सफेद कुर्ता-पायजामा, लाल टोपी और लाल गमछा पहने नजर आते हैं. पारंपरिक रूप से सपा नेताओं की यही पहचान मानी जाती है, जबकि नीला रंग आमतौर पर बसपा का प्रतीक माना जाता है. यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव द्वारा सपा छात्र सभा का ड्रेस कोड बदले जाने के निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।

दलित युवाओं को साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा बदलाव

सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव आज यानी मंगलवार को समाजवादी पार्टी छात्र सभा के लिए ब्लू यानी नीली यूनिफॉर्म की घोषणा करेंगे. राजनीति के जानकारों का मानना है कि ऐसा करके सपा साल 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले दलित युवाओं को अपने साथ जोड़ना चाहती है.

दरसल सपा का एक खास चुनावी नारा है, जिसका नाम PDA है यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नीले रंग को अपनाकर सपा अपने इस एजेंडे को मजबूत कर रही है ताकि दलित समाज को अपने करीब लाया जा सके. सपा अपने सभी युवा संगठनों को एक अलग और नई पहचान देना चाहती है, जिससे Gen-Z और Gen-Alpha से जुड़े मुद्दों पर ज्यादा अच्छे से काम किया जा सके। सपा का कहना है कि पार्टी अब इन सभी संगठनों के लिए स्पष्ट पहचान बनाने के तरीकों पर विचार कर रही है.

युवा संगठनों को अलग पहचान देने की तैयारी

पार्टी के पास कई युवा संगठन हैं, इसलिए हर इकाई की भूमिका और पहचान तय करने का विचार है और नई ड्रेस कोड उसी दिशा में एक कदम है. सपा छात्र संगठन के सदस्य अब मैरून की जगह नीली टी-शर्ट और जींस पहनेंगे।

आपको बता दे की दलित वोटरों और जेन-जी (Gen-Z) को साधने में जुटी सपा ने पार्टी की छात्र सभा के ड्रेस कोड में बदलाव किया है. पार्टी ने छात्र सभा के पदाधिकारियों के लिए नीली जींस और नीली टी-शर्ट को नया ड्रेस कोड बनाया है. मंगलवार को लखनऊ में आयोजित छात्र सभा के सम्मेलन में पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसी नई ड्रेस में नजर आएंगे। वही अखिलेश यादव के इस बदलाव को सिर्फ संगठनात्मक निर्णय नहीं, बल्कि दलित युवाओं के बीच पार्टी की स्वीकार्यता बढ़ाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है, नई ड्रेस के जरिए समाजवादी पार्टी सीधे कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और युवा राजनीति में सक्रिय दलित-पिछड़े युवाओं को यह संकेत देना चाहती है कि उनकी पहचान और प्रतीकों को सम्मान दिया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश की सियासत में रंगों का अपना अलग महत्व

दरसल उत्तर प्रदेश की सियासत में रंगों का अपना अलग महत्व रहा है. बसपा का नारा हुआ करता था, ‘नीला झंडा, हाथी निशान, यही है बसपा की पहचान.’ नीला रंग दलित राजनीति और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा का प्रतीक माना जाता है, जबकि समाजवादी पार्टी की पहचान परंपरागत रूप से लाल और हरे रंग से जुड़ी रही है। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव से सपा पर बसपा का रंग चढ़ना शुरू हुआ. इतना ही नहीं, समाजवादी पार्टी लोहिया और जेपी की विचारधारा को मानती रही है, लेकिन लोहिया के साथ डॉ. आंबेडकर और कांशीराम के विचारों को भी अखिलेश यादव अपनाने की बात करते हैं.

अखिलेश और शिवपाल यादव नीले गमछे में नजर आए

लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में 31 अगस्त को सपा जिला और महानगर अध्यक्षों की बैठक में अखिलेश यादव और शिवपाल यादव गले में नीला गमछा डाले नजर आए, जबकि उससे पहले तक वे लाल रंग की गमछा पहनते थे। अब छात्र सभा के लिए नीले रंग का ड्रेस कोड तय किया गया है। दरसल अखिलेश यादव पिछले कुछ वर्षों से अपने पारंपरिक यादव-मुस्लिम समीकरण से आगे बढ़कर दलित वोट बैंक में पैठ बनाने की कोशिश कर रहे हैं. 2024 के लोकसभा चुनावों में पीडीए के फॉर्मूले का अखिलेश को फायदा भी मिला था, जिसे 2027 में भी अपनाए रखने का प्लान है.

PDA फॉर्मूले पर अखिलेश यादव का जोर

ऐसे में अखिलेश यादव बसपा पर सीधे हमले करने से बचते रहे हैं. वे बार-बार पीडीए फॉर्मूले पर जोर दे रहे हैं. सपा अपने आधार वोटरों यानी (पिछड़ा और अल्पसंख्यक) के साथ अब तक बसपा के आधार वोटर माने जाने वाले (दलित) मतदाताओं को जोड़ना चाहती है और इसके लिए हर तरह की जुगत लगा रही है.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा ने छात्र सभा के ड्रेस कोड के जरिए सीधे युवा दलित वर्ग को संदेश देने की कोशिश की है कि पार्टी अब सिर्फ पिछड़े वर्गों की राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि सामाजिक न्याय की व्यापक राजनीति का दावा कर रही है। वही 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए, संविधान और आरक्षण के मुद्दे को जोर-शोर से उठाकर अखिलेश कुछ हद तक दलित और पिछड़ा वर्ग के वोटरों को एक साथ अपनी ओर खींचने में कामयाब हुए थे. अब उनकी कोशिश इस समर्थन को 2027 के विधानसभा चुनाव तक कायम रखने और बढ़ाने की है।

CJP नेता आशुतोष रांका से मुलाकात के बाद बढ़ी अटकलें

दरअसल, यह कदम अखिलेश यादव की लखनऊ में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता और प्रवक्ता आशुतोष रांका से मुलाकात के कुछ दिनों बाद आया है. इस मुलाकात से राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई थीं. खासकर इसलिए कि इससे पहले सपा ने शिक्षा मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया था। सीजेपी और सपा दोनों सरकारी स्कूलों की हालत पर अपने-अपने अभियान चला रहे हैं. सपा पहले ही राज्य के सरकारी स्कूलों की खराब हालत दिखाने का अभियान चला रही है.

समाजवादी पार्टी ने लगभग 26,000 प्राथमिक स्कूल बंद होने का मुद्दा भी उठाया है और इन स्कूलों में ‘पीडीए पाठशालाएं’ भी आयोजित की हैं. वही सपा नेताओं का कहना है कि पार्टी का नीला रंग की ड्रेस कोड अपनाने का संभावित कदम मुख्य रूप से उसके अपने संगठन और राजनीतिक विस्तार का हिस्सा है। चुकी नीला रंग केवल एक दल विशेष का नहीं, बल्कि अंबेडकरवादी आंदोलन और संविधान की रक्षा का प्रतीक माना जाता है.

नीले रंग के जरिए सपा की नई राजनीतिक पहचान की कोशिश

सपा इसे अपनाकर खुद को संविधान का सबसे बड़ा रक्षक प्रस्तुत कर रही है. इसके साथ ही पार्टी की पुरानी छवि को बदलते हुए एक ऐसे व्यापक मंच का रूप देने का प्रयास है, जहां हर वर्ग और समुदाय के लोग खुद को सहज महसूस कर सकें. सपा प्रमुख अखिलेश यादव का यह कदम केवल ‘ड्रेस कोड’ का बदलाव नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की भावी राजनीति में एक बड़े सामाजिक और वैचारिक पुनर्गठन का संकेत है।